रियलिटी शो 'लॉक अप सीजन 2' में राम कपूर पर फूटा होस्ट कंगना रनौत का गुस्सा


मनोरंजन 02 July 2026
post

रियलिटी शो 'लॉक अप सीजन 2' में राम कपूर पर फूटा होस्ट कंगना रनौत का गुस्सा

 रियलिटी शो 'लॉक अप सीजन 2' में होस्ट कंगना रनौत की दमदार एंट्री के साथ ही ड्रामा भी तेज हो गया है। शो के नए प्रोमो में कंगना अभिनेता राम कपूर के रवैये पर नाराज नजर आती हैं और उन्हें जमकर फटकार लगाती दिखाई देती हैं। प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।

प्रतियोगियों से बातचीत के दौरान कंगना ने राम कपूर से कहा कि अगर वह खुद को सुधारना चाहते हैं, तो अपनी गलतियों का बचाव करना बंद करें। उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा, "अगर आपको लगता है कि आप इस जेल से बहुत बड़े हैं तो यहां आए ही क्यों? अपना फूहड़पन दिखाने के लिए?" जब राम कपूर ने जवाब दिया कि सही समय आने पर वह अपनी बात सबके सामने रखेंगे, तो कंगना ने उन्हें सलाह देते हुए कहा कि बदलाव लाना है तो सफाई देना छोड़कर अपनी कमियों को स्वीकार करना होगा।

यह पहली बार नहीं है, जब राम कपूर को शो में उनके व्यवहार को लेकर आलोचना झेलनी पड़ी हो। इससे पहले फराह खान भी उन्हें अपनी गलतियों को स्वीकार कर सुधार करने की सलाह दे चुकी हैं। वहीं शो के बाहर उनकी पत्नी गौतमी कपूर उनके समर्थन में खुलकर सामने आई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर राम के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए "सिर्फ प्यार" लिखा और भरोसे व रिश्तों पर आधारित सद्गुरु का एक वीडियो भी शेयर किया।

दरअसल, विवाद की शुरुआत तब हुई जब अभिनेता हर्षद चोपड़ा ने अपने निजी रिश्ते से जुड़ा अनुभव शेयर किया। इस चर्चा के दौरान रिश्तों में बेवफाई और माफी को लेकर सवाल उठे, जिस पर राम कपूर ने रिश्ता बचाने और साथी को दूसरा मौका देने की बात कही। उनके इस बयान के बाद शो में बहस छिड़ गई, जो अब कंगना रनौत की तीखी टिप्पणी के बाद और भी सुर्खियों में आ गई है।

You might also like!