नई दिल्ली, 30 सितंबर घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलने के तुरंत बाद खरीदारी शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में मजबूती आ गई। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली का हल्का-फुल्का दबाव भी बनता रहा। इसके बावजूद बाजार की रफ्तार लगातार बनी रही। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.44 प्रतिशत और निफ्टी 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 87.92 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,441.15 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के कुछ देर बाद ही खरीदारों ने आक्रामक अंदाज में लिवाली शुरू कर दी, जिसकी वजह से इस सूचकांक ने रिकवर कर हरे निशान में अपनी जगह बना ली। बाजार में लगातार जारी लिवाली के बीच यदा-कदा मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली भी होती रही, लेकिन खरीदारों के जोर के आगे बिकवाल टिक नहीं सके। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 315.59 अंक यानी 0.44 प्रतिशत उछल कर 72,844.66 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 51.20 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,665 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में तेजी का रुख बन गया। लगातार हो रही खरीदारी के कारण कुछ देर में ही निफ्टी रिकवर कर हरे निशान में पहुंचने में सफल रहा। हालांकि बीच में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली भी होती रही, लेकिन लिवाली का जोर इतना अधिक था कि बिकवाली का कोई असर इस सूचकांक की चाल पर नहीं पड़ा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 40.55 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की मजबूती के साथ 22,756.75 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,886 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,130 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 756 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 17 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 13 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 26 शेयर हरे निशान में और 24 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियां में से टीसीएस, टेक महिंद्रा, विप्रो, आईसीआईसीआई बैंक और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शेयर 2.99 प्रतिशत से लेकर 2.14 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, मैक्स हेल्थकेयर, अपोलो हॉस्पिटल, डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज, अदानी पोर्ट्स और अदानी इंटरप्राइजेज के शेयर 5.13 प्रतिशत से लेकर 1.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 242.65 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 72,529.07 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 64.05 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,716.20 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, कमजोर शुरुआत के बाद सेंसेक्स और निफ्टी उछले

















