इंडिया मोबाइल कांग्रेस का 10वां संस्करण आज नई दिल्ली के यशोभूमि परिसर में शुरू होगा। "सीमाओं से परे विस्तार" की थीम के साथ, यह सम्मेलन दूरसंचार, डिजिटल कनेक्टिविटी और तकनीकी नवाचार में भारत की उल्लेखनीय प्रगति को प्रदर्शित करेगा, साथ ही सहयोग, निवेश और ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए एक वैश्विक मंच प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
इस कार्यक्रम में "अगले एक अरब डिजिटल कनेक्शनों में निवेश" पर मंत्रिस्तरीय कार्यक्रम, "संप्रभुता का प्रभाव और दूरसंचार का भविष्य" पर सीईओ गोलमेज सम्मेलन, एआई फॉर गुड, साइबर सुरक्षा शिखर सम्मेलन, 6जी संगोष्ठी, स्टार्टअप वर्ल्ड कप इंडिया 2026, 5जी नेटवर्क के लिए एआई एजेंटों पर आईटीयू बिल्ड-ए-थॉन, एआई सेफ्टी इंडिया-यूके पैनल, रोबोटिक्स फॉर यूथ चैलेंज और अन्य वैश्विक प्रौद्योगिकी कार्यक्रम शामिल होंगे।
इसमें 15 लाख से अधिक प्रतिभागी, 500 से अधिक प्रदर्शक और भागीदार, 600 से अधिक स्टार्टअप और 900 से अधिक विचारकों को एक साथ लाया जाएगा। दो हजार से अधिक प्रौद्योगिकी उपयोग के उदाहरण, 120 से अधिक सत्र और 700 से अधिक निवेशक बैठकें वैश्विक सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देंगी।


















