वेस्टइंडीज
के दिग्गज ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो 7 अक्टूबर को अपना 43वां जन्मदिन मना
रहे हैं. क्रिकेट के मैदान पर अपनी शानदार गेंदबाजी, उपयोगी
बल्लेबाजी और मुश्किल समय में टीम के लिए प्रदर्शन करने की क्षमता से पहचान बनाने
वाले ब्रावो का अंदाज बाकी खिलाड़ियों से काफी अलग रहा. उन्होंने सिर्फ गेंद और
बल्ले से ही नहीं, बल्कि अपने खास सेलिब्रेशन स्टाइल और
सिंगिंग के शौक से भी दुनिया भर के फैंस का मनोरंजन किया.
ड्वेन ब्रावो ने साल 2004
में वेस्टइंडीज के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था.
महज 24 साल की उम्र में उन्हें टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी
भी मिली. उन्होंने अपने करियर में 40 टेस्ट, 164 वनडे और 91 टी20 इंटरनेशनल मैच
खेले.
टेस्ट क्रिकेट में ब्रावो ने 2,200 से
ज्यादा रन बनाने के साथ 86 विकेट लिए. वनडे में उनके नाम
करीब 3 हजार रन और 199 विकेट हैं. वहीं
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने 1,255 रन बनाए और 78 विकेट चटकाए.
ब्रावो वेस्टइंडीज की उस शानदार टीम का
हिस्सा रहे जिसने 2012 और 2016 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया. इसके अलावा वह 2004 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली वेस्टइंडीज टीम में भी शामिल थे.
2016 का टी20 वर्ल्ड कप ब्रावो
के लिए खास रहा. इसी दौरान उनका गाना ‘Champion’ बेहद
लोकप्रिय हुआ. क्रिकेट के मैदान पर उनके विकेट सेलिब्रेशन के साथ यह गाना उनकी
पहचान का हिस्सा बन गया.
















