शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले


व्यापार 13 October 2026
post

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर   घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत सपाट स्तर पर मामूली बढ़त के साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलने के तुरंत बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने रफ्तार पकड़ ली। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.87 प्रतिशत और निफ्टी 0.89 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 27.04 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 71,951.73 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली के चक्कर में मामूली बिकवाली भी होती रही, लेकिन खरीदारी का जोर इतना अधिक था कि इस सूचकांक की चाल पर कोई असर नहीं पड़ा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 623.18 अंक यानी 0.87 प्रतिशत उछल कर 72,547.86 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 0.80 अंक यानी 0.004 प्रतिशत की सांकेतिक बढ़त के साथ 22,364.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही चौतरफा लिवाली शुरू हो गई, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। हालांकि बिकवाल बीच-बीच में शेयरों की बिक्री कर मुनाफा वसूली भी करते रहे, लेकिन लिवाली का जोर इतना अधिक था कि इस सूचकांक के चाल पर कोई असर नहीं पड़ा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 198.50 अंक यानी 0.89 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,561.85 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,906 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,367 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,539 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 26 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर चार शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 43 शेयर हरे निशान में और सात शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टेक महिंद्रा, इंफोसिस और बजाज ऑटो के शेयर 5.46 प्रतिशत से लेकर 1.64 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, मैक्स हेल्थकेयर, एनटीपीसी, मारुति सुजुकी, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन और जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयर 0.91 प्रतिशत से लेकर 0.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 547.65 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 71,924.68 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 157.10 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,363.35 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।

You might also like!