दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से नहीं मिल रही राहत, एक्यूआई 279 पर पहुंचा


देश 21 November 2026
post

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से नहीं मिल रही राहत, एक्यूआई 279 पर पहुंचा

नई दिल्ली, 21 नवंबर । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर एक बार फिर चिंता बढ़ाने लगा है। शनिवार की सुबह दिल्ली की हवा 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 279 रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 300 के पार पहुंच गया, जहां हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है।

दिल्ली के कुछ प्रमुख इलाकों में वायु गुणवत्ता की स्थिति बेहद चिंताजनक रही। एम्स में एक्यूआई 369 और चांदनी चौक में 365 दर्ज किया गया। इसके अलावा वजीरपुर में 332, आनंद विहार में 327, आईआईटी दिल्ली में 308 और बवाना में 304 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। इन इलाकों में हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गई है।

वहीं, आरके पुरम में एक्यूआई 274, आईजीआई एयरपोर्ट (टी-3) पर 242, नजफगढ़ में 236, नरेला में 245 और द्वारका सेक्टर-8 में 241 दर्ज किया गया। इन क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में बनी हुई है।

दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों में भी प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही है। शनिवार को गाजियाबाद का एक्यूआई 244 और नोएडा का 255 दर्ज किया गया। वहीं, ग्रेटर नोएडा में एक्यूआई 197 रिकॉर्ड हुआ। हालांकि, नोएडा के सेक्टर-62 में स्थिति अधिक गंभीर रही, जहां एक्यूआई 343 तक पहुंच गया और हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज की गई।

बता दें कि, एक्यूआई का स्तर 0 से 50 तक अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में माना जाता है।

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के पहले और दूसरे चरण की पाबंदियां लागू हैं। हालांकि, 17 नवंबर को वायु गुणवत्ता में अस्थायी सुधार को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने जीआरएपी के तीसरे चरण की पाबंदियां हटा दी थीं। इसके बाद स्कूलों में सभी कक्षाओं के लिए ऑफलाइन पढ़ाई भी फिर से शुरू कर दी गई थी।

मौसम में बदलाव और हवा की धीमी रफ्तार के कारण आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, हवा की गति बढ़ने से प्रदूषक तत्वों के फैलाव में मदद मिल सकती है। लेकिन ठंड बढ़ने के साथ हवा की रफ्तार कम हुई तो दिल्ली-एनसीआर में स्मॉग और प्रदूषण की समस्या गंभीर हो सकती है।

इस बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की समीक्षा की है। उन्होंने संबंधित विभागों को सड़कों की नियमित सफाई, निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण और प्रदूषण के विभिन्न स्रोतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोगों को प्रदूषण से राहत मिलने का इंतजार है।

You might also like!