ऐड फ्रॉड स्कैम का खुलासा: जानें क्यों हटाए गए 180 से ज़्यादा ऐप्स


विज्ञान 15 November 2025
post

ऐड फ्रॉड स्कैम का खुलासा: जानें क्यों हटाए गए 180 से ज़्यादा ऐप्स

अगर आप भी गूगल प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड करते हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है। हाल ही में गूगल ने प्ले स्टोर से 180 से अधिक ऐप्स को हटा दिया है। यह कदम एक बड़े ऐड फ्रॉड घोटाले के सामने आने के बाद उठाया गया, जिसमें ठगों ने नकली ऐप्स बनाकर करोड़ों यूज़र्स को प्रभावित किया। इस धोखाधड़ी का असर 5 करोड़ 60 लाख से अधिक डाउनलोड पर पड़ा।

क्या था ‘ऐड फ्रॉड स्कीम’?

गूगल ने पाया कि कई ऐप्स विज्ञापन कंपनियों को धोखा देने वाली “ऐड फ्रॉड स्कीम” चला रहे थे। ये वायरस जैसे नहीं होते, लेकिन नकली तरीके से दिखाते हैं कि उनके विज्ञापन बड़ी संख्या में देखे जा रहे हैं, जबकि वास्तविकता में ऐसा नहीं होता। इस तरह वे विज्ञापन कंपनियों को भारी नुकसान पहुंचाते हैं।

यूज़र्स को भी हुआ नुकसान

इन ऐप्स को डाउनलोड करने वाले लोगों को लगातार अनचाहे विज्ञापनों का सामना करना पड़ रहा था, जिससे उनका ऐप अनुभव खराब हो रहा था। कई यूज़र्स तो परेशान होकर ऐसे ऐप्स को हटाने का तरीका ढूंढने लगे।

धोखेबाज़ों की चालाकी

ठगों ने ऐप्स को ऐसा बनाया था कि वे पूरी तरह असली लगें और लोकप्रिय कैटेगरी में दिखाई दें। कुछ ऐप्स में तो आइकन और ओपन बटन भी नहीं था, जिससे यूज़र्स उन्हें पहचान नहीं पा रहे थे और अनइंस्टॉल करना भी मुश्किल हो रहा था।

कंपनियों और डेवलपर्स को भारी नुक़सान

इस फ्रॉड के चलते विज्ञापन देने वाली कंपनियों के पैसे बेकार हुए, क्योंकि उनके ऐड वास्तविक यूज़र्स तक पहुँच ही नहीं रहे थे। साथ ही, असली ऐप डेवलपर्स की कमाई को भी नुकसान हुआ क्योंकि नकली ऐप्स ने उनके यूज़र बेस और इनकम पर असर डाला।

IAS के साथ मिलकर एक्शन में आया गूगल

गूगल ने ‘इंटीग्रल ऐड साइंस’ (IAS) के साथ इस फ्रॉड का खुलासा किया। IAS की रिपोर्ट के आधार पर न सिर्फ ऐप्स हटाए गए, बल्कि गूगल प्ले प्रोटेक्ट को भी और मजबूत किया गया ताकि यूज़र्स को ऐसे नकली और खतरनाक ऐप्स के बारे में पहले ही चेतावनी मिल सके।

कैसे रखें खुद को सुरक्षित?

भविष्य में ऐसे फ्रॉड से बचने के लिए यूज़र्स को भी सतर्क रहना जरूरी है:

  • ऐप डाउनलोड करने से पहले डेवलपर का नाम और रिव्यू अवश्य जांचें।
  • अजीब तरह से ज़्यादा परमिशन मांगने वाले ऐप्स से दूरी रखें।
  • सिर्फ भरोसेमंद और ज्ञात डेवलपर्स के ऐप्स ही इंस्टॉल करें।

गूगल ने प्ले स्टोर की सुरक्षा बढ़ा दी है, लेकिन सावधानी बरतना आपके हाथ में है।

 

You might also like!