छग विधानसभा: बजट सत्र के सातवें दिन खनन, परिवहन, सहकारिता, राजस्व और वन विभाग से जुड़े मुद्दों पर होगी चर्चा

post

छग विधानसभा: बजट सत्र के सातवें दिन खनन, परिवहन, सहकारिता, राजस्व और वन विभाग से जुड़े मुद्दों पर होगी चर्चा

रायपुर, 10 मार्च । छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज सातवां दिन है। सदन में आज कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री और मंत्रियों द्वारा विधायकों के सवालों के जवाब दिए जाएंगे, वहीं ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही सदन में प्रतिवेदन और याचिकाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी।

छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में आज प्रश्नकाल के दौरान खनन, परिवहन, सहकारिता, राजस्व और वन विभाग से जुड़े कई मुद्दे उठेंगे। सदन में आयरन ओर के खनन और उसके परिवहन से लेकर फिटनेस परमिट, ओवरलोडिंग और बिगड़े वनों को सुधारने की योजनाओं पर सरकार से सवाल जवाब होगा। प्रश्नकाल में विधायकों की ओर से आयरन अयस्क के खनन और उसके परिवहन से जुड़े नियमों और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल पूछे जाएंगे।सदन में भाजपा विधायक रेणुका सिंह नेशनल हेराल्ड को दिए गए विज्ञापनों का मुद्दा भी उठाएंगी। इस मामले में सरकार से जानकारी मांगी जाएगी कि किन परिस्थितियों में और किस प्रक्रिया के तहत यह विज्ञापन जारी किए गए।

सदन में ध्यानाकर्षण के दौरान रायपुर स्मार्ट सिटी में सौंदर्यीकरण के नाम पर अनियमितताओं का मामला भी उठेगा। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर, धरमलाल कौशिक और धर्मजीत सिंह इस विषय पर नगरीय प्रशासन मंत्री का ध्यान आकृष्ट करेंगे।

प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप और टंक राम वर्मा विधायकों के सवालों के जवाब देंगे। वहीं विधायक अजय चंद्राकर, धर्मजीत सिंह और धरमलाल कौशिक स्मार्ट सिटी से जुड़े मुद्दों को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएंगे। विधायक द्वारकाधीश यादव सिरपुर महोत्सव के आय-व्यय को लेकर ध्यानाकर्षण लगाएंगे।

वहीं सदन में सभापति अमर अग्रवाल विभिन्न प्रतिवेदनों की प्रस्तुति करेंगे। इसके अलावा विधायक शेषराज हरवंश, अंबिका मरकाम और संदीप साहू याचिकाओं की प्रस्तुति करेंगे। साथ ही डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री दयाल दास बघेल और मंत्री राजेश अग्रवाल के विभागों की अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी।

You might also like!