दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी, देश के कई राज्यों में मानसून की रफ्तार तेज


देश 08 June 2026
post

दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी, देश के कई राज्यों में मानसून की रफ्तार तेज

नई दिल्ली, 08 जून। भारत मौसम विज्ञान विभाग(आईएमडी) ने देश के विभिन्न हिस्सों के लिए मौसम का ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। एक तरफ दिल्ली-एनसीआर और उत्तर-पश्चिम भारत के लोग उमस भरी गर्मी का सामना कर रहे हैं। दूसरी तरफ दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

आईएमडी के अनुसार राजधानी में मंगलवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 42-44 डिग्री सेल्सियस और 28-30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 10 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी जिसकी रफ्तार 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार तक पहुंच सकती है। यहां का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 42-44 डिग्री सेल्सियस और 29-31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 11 जून की शाम को हल्की वर्षा होने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है जिनकी गति 60 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 40-42 डिग्री सेल्सियस और 29-31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून आज अरब सागर के पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य हिस्सों, महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। अगले 7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में कहीं-कहीं 7-20 सेमी तक भारी वर्षा होने की संभावना है। साथ ही मंगलवार को कर्नाटक और केरल में कहीं-कहीं बहुत ज़्यादा भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 11-12 जून को हल्की से मध्यम बारिश के साथ 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने और ओलावृष्टि होने की संभावना है।

इसके अलावा, अगले 2-3 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के बाकी हिस्सों, पश्चिम-मध्य, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर राज्यों के बाकी हिस्सों में और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं।

उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत और पश्चिमी भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले 6 दिनों के बीच कुछ स्थानों पर मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने के आसार हैं। इस दौरान, इन क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटा और कुछ स्थानों पर 50-70 किमी प्रति घंटे के रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटे के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में कुछ जगहों पर 12-20 सेमी तक भारी वर्षा दर्ज की गई। कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय कर्नाटक, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और तेलंगाना में कुछ जगहों पर 7-11 सेमी तक भारी वर्षा दर्ज की गई।

पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और राजस्थान में कुछ जगहों पर 60-120 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी-तूफान आया। झारखंड, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, असम, मेघालय, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर 40-60 किमी प्रति घंटा की गति से हवा चली।

You might also like!