शरीर को सेहतमंद रखने के लिए एक्सरसाइज करना बेहद जरूरी माना जाता है. अगर आप सोचते हैं कि मजबूत थाई (Thighs) सिर्फ चलने, दौड़ने या जिम में भारी वजन उठाने के लिए जरूरी हैं, तो आप बिल्कुल गलत हैं. पैरों का मजबूत होना सिर्फ आपकी फिटनेस की निशानी नहीं है, बल्कि यह आपकी सेहत को ऐसे कई बड़े फायदे पहुंचाता है जिनके बारे में आपने कभी सोचा भी नहीं होगा.
न्यूट्रिशनिस्ट दीपशिखा जैन के मुताबिक, थाई की मांसपेशियों को मजबूत बनाकर आप ब्लड शुगर को कंट्रोल कर सकते हैं, अपने दिल को सेहतमंद रख सकते हैं और यहां तक कि अपने दिमाग की ताकत को भी बढ़ा सकते हैं.
पैरों की यह ताकत आपको एक लंबी और हेल्दी जिंदगी जीने में मदद करती है. हाल ही में इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में दीपशिखा जैन ने बताया कि हमारी थाई की मांसपेशियां शरीर की सबसे बड़ी मांसपेशियों में से एक होती हैं.
सेहत को दुरुस्त रखने में इनका बहुत बड़ा रोल होता है. वीडियो में उन्होंने एक बेहद दिलचस्प बात कही, "अगर मैं आपकी न्यूट्रिशनिस्ट होती, तो मैं आपसे अपनी थाई को थोड़ा थिक रखने के लिए कहती, क्योंकि यही आपकी जान बचा सकती है.
1. ब्लड शुगर कंट्रोल-
दीपशिखा जैन बताती हैं कि जब हमारी थाई की मांसपेशियां बड़ी और मजबूत होती हैं, तो वे शरीर में मौजूद ग्लूकोज को ज्यादा मात्रा में सोख (Absorb) लेती हैं. इससे खाना खाने के बाद अचानक बढ़ने वाला लेवल कंट्रोल में रहता है. साथ ही, यह शरीर में इंसुलिन सेंसिटिविटी को भी सुधारता है, जो डायबिटीज से बचने या उसे कंट्रोल करने के लिए सबसे जरूरी है.
2. दिमाग-
न्यूट्रिशनिस्ट के अनुसार, जिन लोगों के पैर और थाई मजबूत होती हैं, उनका स्वास्थ्य भी बेहतर होता है. मजबूत पैरों वाले लोगों की याददाश्त अच्छी होती है और उनके सोचने-समझने की क्षमता भी लंबे समय तक बेहतरीन बनी रहती है.
3. दिल-
मजबूत पैर आपके दिल यानी कार्डियोवैस्कुलर हेल्थ के लिए एक सुरक्षा कवच की तरह काम करती हैं. दीपशिखा के मुताबिक, पैरों की मजबूत मांसपेशियां दिल की सेहत को सुधारती हैं और शरीर के निचले हिस्से से खून को वापस दिल की तरफ पंप करने में मदद करती हैं. इससे आपके दिल पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता और वह सही तरीके से काम करता रहता है, जिससे आप एक लंबी और स्वस्थ जिंदगी जी पाते हैं.
पैरों को मजबूत कैसे बनाएं?
अगर आप भी इन फायदों को पाना चाहते हैं, तो न्यूट्रिशनिस्ट दीपशिखा जैन की सलाह है कि आपको अपनी डेली लाइफ में पैरों की एक्सरसाइज को जरूर शामिल करना चाहिए. उन्होंने अपने वीडियो के कैप्शन में साफ लिखा है, "मजबूत थाई आपको लंबा जीवन जीने में मदद कर सकती हैं. हफ्ते में 2-3 दिन करें ये एक्सरसाइज अपने वर्कआउट रूटीन में स्क्वैट्स, डेडलिफ्ट्स जैसी एक्सरसाइज को शामिल करें.

















