ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने दी अवैध शराब भट्टी पर दबिश


शहर 30 June 2026
post

ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने दी अवैध शराब भट्टी पर दबिश

रायगढ़ , 30 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में संचालित “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 29 जून को थाना चक्रधरनगर पुलिस ने ग्राम नटवरपुर के जंगल में संचालित अवैध महुआ शराब निर्माण स्थल पर दबिश देकर 65 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की तथा दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नटवरपुर के जंगल में कुछ लोग अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का निर्माण कर बिक्री की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से दो व्यक्तियों को पकड़ा, जिन्होंने अपना नाम फुल सिंह धनवार (25 वर्ष) एवं दुआरू धनवार (40 वर्ष) निवासी ग्राम नटवरपुर, थाना चक्रधरनगर बताया।

तलाशी के दौरान आरोपित फुल सिंह धनवार के कब्जे से दो धातु के बर्तनों एवं एक प्लास्टिक जरीकेन में भरी 35 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा आरोपित दुआरू धनवार के कब्जे से एक बड़े ट्यूब में भरी 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इस प्रकार कुल 65 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹13,000 है, जब्त की गई।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने शराब का निर्माण एवं बिक्री करना स्वीकार किए तथा उसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर थाना चक्रधरनगर में दोनों आरोपितों के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक दिलीप भानु, प्रधान आरक्षक रविकिशोर साय एवं आरक्षक संदीप कौशिक, चन्द्र कुमार बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब और नशे के कारोबार पर लगातार प्रभावी प्रहार किया जा रहा है। समाज में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।”

You might also like!