राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के अवसर पर शुभकामनाएं दीं


देश 16 July 2026
post

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के अवसर पर शुभकामनाएं दीं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जगन्नाथ रथ यात्रा के अवसर पर देश-विदेश के लोगों को शुभकामनाएँ दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि लोकमान्यता है कि इस पवित्र यात्रा की महान परंपरा के दौरान चक्रराज सुदर्शन, बड़े भाई बलभद्र तथा बहन सुभद्रा सहित महाप्रभु श्रीजगन्नाथ भक्तों से मिलते हैं। उन्होंने कहा कि भक्तों और भगवान के मिलन का यह भावपूर्ण अवसर अद्वितीय होता है। राष्ट्रपति ने कामना की कि महाप्रभु श्रीजगन्नाथ की कृपा से देश और देशवासियों की सुख-समृद्धि में निरंतर वृद्धि होती रहे।
 
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि पवित्र रथ यात्रा आस्था, भक्ति, समानता और आपसी सद्भाव के मूल्यों को दर्शाती है और सभी मतभेदों से ऊपर उठकर लोगों को एक साथ लाती है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्थायी आध्यात्मिक परंपराओं का एक जीवंत उत्सव है।
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जगन्नाथ रथ यात्रा के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएँ दी हैं। सोशल मीडिया पर पोस्ट में, श्री मोदी ने रथ यात्रा को भारत की सदियों पुरानी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की एक शानदार अभिव्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा से जुड़ी परंपराओं ने भारत और दुनिया भर में कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है और ये परंपराएँ विनम्रता, सामूहिक भागीदारी और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक हैं।
 
प्रधानमंत्री ने प्रार्थना की कि महाप्रभु जगन्नाथ सभी को उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि का आशीर्वाद दें। 

You might also like!