नवीन पटनायक के बयान पर भाजपा सांसदों का पलटवार, भर्तृहरि महताब बोले- ओड़िशा की जनता को कमजोर न समझें


देश 22 July 2026
post

नवीन पटनायक के बयान पर भाजपा सांसदों का पलटवार, भर्तृहरि महताब बोले- ओड़िशा की जनता को कमजोर न समझें

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ओडिशा से सांसदों ने बुधवार को बीजू जनता दल (बीजेडी) अध्यक्ष एवं ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक के हालिया बयान की कड़ी आलोचना करते हुए इसे "तथ्यहीन, निराधार और निंदनीय" बताया। नई दिल्ली में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में वरिष्ठ भाजपा सांसद भर्तृहरि महताब ने कहा कि भाजपा नवीन पटनायक की टिप्पणियों की सामूहिक रूप से निंदा करती है। भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है ।

महताब ने कहा कि नवीन पटनायक को यह नहीं समझना चाहिए कि ओडिशा की जनता पिछले वर्षों की घटनाओं को भूल चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2015 से 2023 के बीच बीजेडी सरकार के कार्यकाल में पुलिस कांस्टेबल, ओपीएससी, ओजेएसई, मैट्रिक समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक और अनियमितताओं के मामले सामने आए थे। उन्होंने दावा किया कि इन मामलों को लेकर ओडिशा हाईकोर्ट ने तत्कालीन राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर भी कड़ी टिप्पणी की थी।

भाजपा सांसद ने कहा कि उस समय व्यापक विरोध-प्रदर्शन और आंदोलनों के बावजूद तत्कालीन सरकार के किसी मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया। ऐसे में वर्तमान में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करना उचित नहीं है।

महताब ने आरोप लगाया कि बीजेडी द्वारा कांग्रेस और सीजेपी (CJP) के आंदोलन का समर्थन करना उसकी "दोहरी राजनीति" को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और अभिव्यक्ति का अधिकार सभी को है, लेकिन हिंसक गतिविधियों या सुरक्षा व्यवस्था को तोड़ने के प्रयासों का समर्थन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि नवीन पटनायक को ऐसे घटनाक्रमों का समर्थन करने के बजाय पहले उनकी निंदा करनी चाहिए थी।

बीजेडी नेताओं के इस कथन पर कि पार्टी सीजेपी नहीं बल्कि आंदोलन का समर्थन कर रही है, महताब ने तंज कसते हुए कहा कि यह "दोहरी नीति" का उदाहरण है और इससे बीजेडी नेतृत्व की राजनीतिक भ्रम की स्थिति स्पष्ट होती है।

नीट परीक्षा से जुड़े विवाद पर उन्होंने कहा कि कथित प्रश्नपत्र लीक की जानकारी सामने आते ही केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय ने तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए। उन्होंने दावा किया कि सभी राज्यों और संबंधित एजेंसियों के सहयोग से निर्धारित समयसीमा के भीतर पुनः परीक्षा सफलतापूर्वक कराई गई तथा समय पर परिणाम भी घोषित किए गए।

महताब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं छात्रों के भविष्य को लेकर संवेदनशील हैं और भाजपा राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए संसद के भीतर और बाहर रचनात्मक चर्चा चाहती है। उन्होंने बीजेडी और अन्य विपक्षी दलों से संसद की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने में सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देशभर में वामपंथी दल अपना जनाधार खो चुके हैं और ओडिशा में भी बीजेडी तेजी से जनता का विश्वास खो रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य जैसे संवेदनशील मुद्दे पर संकीर्ण राजनीति नहीं की जानी चाहिए।

इस संयुक्त प्रेस वार्ता में भाजपा सांसद संगीता सिंहदेव, अनीता प्रियदर्शिनी, मालविका देवी, रुद्र नारायण पाणि, प्रदीप पुरोहित, अनंत नायक, अभिमन्यु सेठी, रवि नारायण बेहरा, बलभद्र माझी, सुकांत पाणिग्राही और विभू प्रसाद तराई सहित अन्य सांसद उपस्थित रहे।

You might also like!