उत्साह से मना छत्तीसगढ़ का लोक पर्व हरेली, बच्चों ने गेड़ी चलाकर मनाया त्योहार

post

उत्साह से मना छत्तीसगढ़ का लोक पर्व हरेली, बच्चों ने गेड़ी चलाकर मनाया त्योहार

धमतरी, 12 अगस्त। छत्तीसगढ़ का लोक पर्व हरेली का त्योहार बुधवार को अंचल में धूमधाम से मनाया गया। कृषकों ने कृषि उपकरणों व गोधन की विधि-विधान से पूजा अर्चना की। घरों में छत्तीसगढ़ी व्यंजन, चीला, ठेठरी, खुरमी आदि बनाए गए। लोगों ने अन्नपूर्णा माता, कुलदेवता, बैलों और कृषि उपकरणों की पूजा कर भोग लगाया और प्रसादी वितरण किया।

कृषक मोहन साहू, दीनबुधु साहू, मोहन साहू, कृष्णा तिवारी, होरीलाल साहू, गेंदलाल साहू, यशकरण सिन्हा ने बताया कि हरेली किसानों का मुख्य त्योहार है। इस दिन काम बंद कर कृषि औजारों की साफ-सफाई कर पूजा की। मवेशियों की विशेष पूजा हुई। गुड़ के चीला का भोग लगाया गया। मवेशियों को संक्रामक बीमारी से बचाने जंगली जड़ी बूटी खिलाई गई। कुलदेवता, ग्रामदेवता की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि की कामना की गई। गांव के बैगा द्वारा घरों में नीम की टहनी लगाई गई।

हरेली पर्व पर किसान अपनी फसल को कीट पतंगों से बचाने खेतों में भेलवा और नीम की टहनी लगाते हैं। अन्नपूर्णा माता को प्रसन्न कर गुड़ से बना चीला खेतों में चढ़ाते है, साथ ही पूजा पाठ कर आशीर्वाद लेते हैं। कृषि उपकरणों व गोधन की पूजा की गई। शहर के वार्डों में हुई नारियल फेंक स्पर्धा में युवाओं की टोली जुटी रही। नारियल जीतने हारने का सिलसिला देर रात तक चला।

You might also like!