नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर रायपुर यातायात पुलिस की कार्रवाई, क्रेन से हटाए वाहन


छत्तीसगढ़ 24 October 2026
post

नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर रायपुर यातायात पुलिस की कार्रवाई, क्रेन से हटाए वाहन

रायपुर, 24 अक्टूबर । शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।

इस दौरान कई स्थानों पर यातायात में बाधा बन रहे दोपहिया और चारपहिया वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया गया। वहीं, संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध ई-चालान सहित वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और डीसीपी ट्रैफिक एंड प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। कार्रवाई के तहत तेलीबांधा क्षेत्र में करेंसी टावर और एरीना होटल के सामने सर्विस रोड पर नो पार्किंग में खड़े वाहनों को हटाया गया।

इसके अलावा टाटीबंध क्षेत्र, हीरापुर रिंग रोड नंबर-2 और सिलतरा बाईपास स्थित रिंग रोड नंबर-4 पर भी यातायात पुलिस ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान पहले अनाउंसमेंट कर वाहन चालकों को अपने वाहन हटाने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। इसके बावजूद नो पार्किंग में खड़े मिले वाहनों पर ई-चालान और अन्य नियमानुसार कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस के अनुसार, नो पार्किंग में वाहन खड़े करने से सड़क की उपलब्ध चौड़ाई कम हो जाती है। इससे यातायात का दबाव बढ़ने के साथ आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है। सर्विस रोड पर अनधिकृत पार्किंग से दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले वाहनों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के वाहन क्रेन से हटाए जाएंगे और ई-चालान सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने तथा मुख्य मार्गों और सर्विस रोड पर अनधिकृत पार्किंग से बचने की अपील की है।

You might also like!