हरेली पर निगम में गूंजा लोकसंस्कृति का रंग, विकास कार्यों को गति देने का लिया संकल्प

post

हरेली पर निगम में गूंजा लोकसंस्कृति का रंग, विकास कार्यों को गति देने का लिया संकल्प

धमतरी, 12 अगस्त । छत्तीसगढ़ के प्रथम लोकपर्व हरेली के अवसर पर बुधवार को नगर निगम के लोनिवि अध्यक्ष विजय मोटवानी ने पुरानी पानी टंकी परिसर में पार्षदों एवं कर्मचारियों के साथ सामूहिक हरेली पूजा-अर्चना की। इस दौरान कृषि औजारों की पूजा कर प्रदेश की समृद्ध लोकपरंपरा एवं संस्कृति का सम्मान किया गया।

विजय मोटवानी ने कहा कि हरेली केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि उमंग, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला पर्व है। यह अवसर हम सभी को सार्वजनिक जीवन में नई ऊर्जा के साथ जनसेवा और शहर के विकास के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हरेली के पावन अवसर पर शहर के विकास कार्यों को और गति देने का संकल्प लिया गया है। जल विभाग के अध्यक्ष अखिलेश सोनकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राचीन सभ्यता, संस्कृति, मान्यताओं और लोक परंपराओं को आगे बढ़ाना नगर निगम के जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य है। लोक परंपराओं को सहेजते हुए नगर विकास के कार्यों को आगे बढ़ाना ही हरेली पर्व की सार्थकता है।

अंबेडकर वार्ड के पार्षद कुलेश सोनी ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से शहर के विकास कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतारना हरेली के अवसर पर लिया गया सच्चा संकल्प है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें प्रकृति, कृषि और किसानों के प्रति सम्मान के साथ जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की प्रेरणा देता है। सामूहिक पूजा-अर्चना के अवसर पर पार्षद पिन्टू यादव, गजेंद्र कंवर सहित अन्य पार्षद एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

You might also like!