भारत के खिलाफ मुकाबले के लिए ब्राजील की मजबूत टीम घोषित, विनिसियस जूनियर, राफिन्हा और एंड्रिक शामिल


खेल 10 September 2026
post

भारत के खिलाफ मुकाबले के लिए ब्राजील की मजबूत टीम घोषित, विनिसियस जूनियर, राफिन्हा और एंड्रिक शामिल

नई दिल्ली, 10 सितंबर 

पांच बार की विश्व कप विजेता ब्राजील ने भारत के खिलाफ तीन अक्टूबर को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में होने वाले दोस्ताना मुकाबले के लिए 26 सदस्यीय मजबूत टीम की घोषणा कर दी है। मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने टीम में विनिसियस जूनियर, राफिन्हा, एंड्रिक और ब्रूनो गिमाराएस जैसे स्टार खिलाड़ियों को शामिल किया है। टीम में बैलन डी’ओर के तीन नामांकित खिलाड़ी भी हैं।

ब्राजील की टीम भारत पहुंचने से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 25 और 29 सितंबर को दो मुकाबले खेलेगी। इसके बाद टीम कोलकाता पहुंचेगी, जहां तीन अक्टूबर को भारतीय टीम के खिलाफ मुकाबला होगा।

एंसेलोटी ने आक्रमण में कई विकल्पों को टीम में जगह दी है। विनिसियस जूनियर, राफिन्हा और एंड्रिक के अलावा एस्टेवाओ, जोआओ पेड्रो, पेड्रो, रायन और सैमुअल लिनो को भी टीम में शामिल किया गया है।

मिडफील्ड में ब्रूनो गिमाराएस और डगलस लुइज़ प्रमुख नाम हैं। इनके अलावा आंद्रेई सैंटोस, ब्रेनो बिडोन, डानिलो सैंटोस और गैब्रियल बोंटेम्पो को भी टीम में जगह मिली है।

रक्षा पंक्ति में आर्सेनल के डिफेंडर गैब्रियल मागालाएस और अनुभवी ब्राजीलियाई खिलाड़ी मार्किन्होस शामिल हैं। इनके अलावा आर्थर डायस, डगलस सैंटोस, जाइर, मात्युजिन्हो, माउरो जूनियर, विटोर रीस और वेस्ली को चुना गया है।

गोलकीपर के रूप में ह्यूगो सूजा, पेड्रो मोरिस्को और ओटावियो को टीम में शामिल किया गया है।

यह मुकाबला खालिद जमील की अगुवाई वाली भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल की सबसे सफल टीमों में से एक ब्राजील के खिलाफ खुद को परखने का बड़ा मौका होगा। साथ ही यह ब्राजील की सीनियर पुरुष टीम का भारतीय जमीन पर पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला भी होगा।

ब्राजील की टीम:

गोलकीपर : ह्यूगो सूजा, पेड्रो मोरिस्को, ओटावियो;

डिफेंडर्स: आर्थर डायस, डगलस सैंटोस, गैब्रियल मागालाएस, जाइर, मार्किन्होस, मात्युजिन्हो, माउरो जूनियर, विटोर रीस, वेस्ली;

मिडफील्डर्स : आंद्रेई सैंटोस, ब्रेनो बिडोन, ब्रूनो गिमाराएस, डानिलो सैंटोस, डगलस लुइज़, गैब्रियल बोंटेम्पो;

फारवर्ड्स : एंड्रिक, एस्टेवाओ, जोआओ पेड्रो, पेड्रो, राफिन्हा, रायन, सैमुअल लिनो, विनिसियस जूनियर।

You might also like!