उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आज कवि-संत सुब्रमण्यम भारती की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उपराष्ट्रपति ने कहा कि कवि ने अपनी कविताओं के माध्यम से इस विशाल भारतीय राष्ट्र की एकता और गौरव का गुणगान किया है।
उन्होंने कहा कि भारतीयार के शब्द युगों-युगों तक अटूट शक्ति के साथ लोगों के दिलों में गूंजते रहते हैं। श्री राधाकृष्णन ने नागरिकों से श्री भारतीयार की स्मृति का सम्मान करने का आग्रह किया, जिन्होंने अपनी कविता और जीवन के माध्यम से देशभक्ति, समानता और नारी उत्थान जैसे महान आदर्शों का समर्थन किया। उन्होंने आगे कहा कि नागरिकों को उनके द्वारा परिकल्पित सपनों को साकार करने और एकता और सद्भाव से परिपूर्ण एक मजबूत भारत के निर्माण में निरंतर योगदान देना चाहिए।
उपराष्ट्रपति ने इम्मानुएल सेकरन की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि श्री सेकरन ने कम उम्र में ही स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया और स्वतंत्रता के बाद भी समानता और सामाजिक न्याय स्थापित करने के लिए अथक प्रयास करते रहे।
श्री राधाकृष्णन ने उनके साहस की सराहना करते हुए कहा कि श्री शेखरन ने सामाजिक भेदभाव के खिलाफ निडरता से आवाज उठाई और जनता के अधिकारों के लिए समर्पण भाव से काम किया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि समानता, सामाजिक न्याय और सद्भाव से परिपूर्ण समाज के निर्माण के उनके आदर्श सदा स्मरणीय हैं।

















