वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में खेलने की खबरों पर शिखर धवन की सफाई, कहा-मेरी अनुमति के बिना नाम का इस्तेमाल किया गया


खेल 14 October 2026
post

वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में खेलने की खबरों पर शिखर धवन की सफाई, कहा-मेरी अनुमति के बिना नाम का इस्तेमाल किया गया

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर  

पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में अपनी भागीदारी को लेकर सामने आई खबरों पर सफाई देते हुए कहा कि आयोजकों ने उनकी जानकारी और अनुमति के बिना उनके नाम का इस्तेमाल किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में उनकी टीम उचित कानूनी कदम उठाएगी। धवन ने मीडिया और प्रशंसकों से अनधिकृत घोषणाओं पर भरोसा नहीं करने की अपील भी की।

धवन ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट साझा कर इस मामले पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि उन्हें वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में प्रतिभागी के रूप में अपना नाम इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली है, जबकि उन्होंने इसके लिए कोई अनुमति नहीं दी थी।

धवन ने अपने बयान में कहा, “मैंने वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में प्रतिभागी के रूप में अपना नाम देखा है। आयोजकों ने मेरी जानकारी या अनुमति के बिना मेरे नाम का इस्तेमाल किया है और मेरी टीम इस मामले से निपटने के लिए उचित कानूनी कदम उठाएगी। मैं मीडिया और अपने प्रशंसकों से अनुरोध करता हूं कि वे किसी भी अनधिकृत घोषणा के आधार पर खबरें न चलाएं और न ही उन पर भरोसा करें। आपके निरंतर प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।”

शिखर धवन ने भारतीय टीम का तीनों प्रारूपों में प्रतिनिधित्व किया, लेकिन एकदिवसीय क्रिकेट में उनका प्रदर्शन विशेष रूप से प्रभावशाली रहा। उन्होंने 167 एकदिवसीय मुकाबलों में 44.1 के औसत से 6,793 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 17 शतक और 39 अर्धशतक निकले।

टेस्ट क्रिकेट में धवन ने 34 मैचों में 40.6 के औसत से 2,315 रन बनाए। उनके नाम इस प्रारूप में सात शतक और पांच अर्धशतक दर्ज हैं।

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धवन ने 68 मुकाबले खेले और 27.9 के औसत से 1,759 रन बनाए। इस प्रारूप में उन्होंने 11 अर्धशतक लगाए।

You might also like!