बलरामपुर : अंबेडकर जयंती पर विजयनगर में 25 लाख के कार्यों का शिलान्यास

post

बलरामपुर : अंबेडकर जयंती पर विजयनगर में 25 लाख के कार्यों का शिलान्यास

बलरामपुर, 14 अप्रैल। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आज मंगलवार काे विकासखंड रामचंद्रपुर के ग्राम पंचायत विजयनगर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में क्षेत्र को विकास की नई सौगात मिली।

कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने आज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली अंबेडकर प्रतिमा स्थापना और सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों के साथ जयंती की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री नेताम ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन शोषितों, वंचितों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि सामाजिक, जातीय और धार्मिक विविधताओं के बावजूद देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने में संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका है, जो हर नागरिक को समानता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है।

सरकार की लोककल्याणकारी नीतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं में व्यापक सुधार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास की गति तेज हुई है, जिसका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए क्षेत्र में दुग्ध संग्रहण केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है, जिससे उन्हें उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिल सकेगा और विविध खेती को बढ़ावा मिलेगा।

मंत्री नेताम ने आगे बताया कि क्षेत्र में उद्यानिकी महाविद्यालय की स्थापना और जिला मुख्यालय बलरामपुर में पोस्ट मैट्रिक बालिका छात्रावास निर्माण की कार्ययोजना पर भी काम किया जा रहा है, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध होंगे।

समरसता भोज से दिया एकता का संदेश

कार्यक्रम के दौरान मंत्री नेताम ने सादगी का परिचय देते हुए विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ जमीन पर बैठकर समरसता भोज ग्रहण किया। उनकी इस पहल ने सामाजिक समानता, आपसी भाईचारे और एकजुटता का सशक्त संदेश दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य बद्री नाथ, अनुविभागीय अधिकारी आनंद राम नेताम, जनपद सीईओ रणवीर साय, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिक सेवा सच्चिदानंद कांत सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, समाज प्रमुख और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

You might also like!