त्रिनिदाद और टोबैगो और लीवर्ड आइलैंड्स
के बीच वेस्टइंडीज चैंपियनशिप का मैच रद्द कर दिया गया और इसे ड्रॉ घोषित किया
गया। यह फैसला मैदान पर एक घटित एक गंभीर घटना के बाद असुरक्षित और खतरनाक पिच की
वजह से लिया गया। खतरनाक पिच की वजह से इंजर्ड हुए एक खिलाड़ी को अस्पताल में
भर्ती कराना पड़ा था। वेस्टइंडीज चैंपियनशिप के तहत सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम
में खेला जा रहा चार दिवसीय मैच मंगलवार सुबह समय से पहले खत्म हो गया।
अंपायरों ने पिच को खेलने के लिए बहुत
खतरनाक माना। लगातार खराब होते पिच की वजह से अंपायरों ने खिलाड़ियों की सुरक्षा
को प्राथमिकता देते हुए मैच को रद्द करने का फैसला लिया। यह फैसला लीवर्ड
आइलैंड्स की दूसरी पारी में एक चिंताजनक पल के बाद आया जब त्रिनिदाद और टोबैगो के
पेसर जेडन सील्स की एक तेज उठती हुई गेंद जेरेमिया लुइस के हेलमेट पर लगी।
गेंद अचानक लेंथ से उछल गई, जबकि पिछली गेंद नीचे रह गई थी। गेंद
लगने के तुरंत बाद लुइस गिर पड़े, उनका बल्ला गिर गया, और फिर उन्होंने गुस्से में अपने हेलमेट पर लात मारी। उन्हें
मैदान पर मेडिकल मदद मिली, फिर
उन्हें स्ट्रेचर पर ले जाकर आगे की जांच के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। क्रिकेट
वेस्टइंडीज के मुताबिक, खिलाड़ी
की हालत स्थिर है।
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने एक आधिकारिक बयान में कहा, "क्यूरेटर
के साथ बातचीत के बाद अंपायरों ने यह तय किया कि पिच को ठीक नहीं किया जा सकता है।
पिच खतरनाक है और मैच फिर से शुरू करने के लिए फिट नहीं है, इसलिए मैच ड्रॉ
घोषित किया गया।" बयान में कहा गया, "मैच रद्द करने
का फैसला कॉम्पिटिशन को नियंत्रित करने वाली शर्तों के अनुसार लिया गया। इन शर्तों
के तहत, जब ऑन-फील्ड अंपायर यह तय करते हैं कि खेल जारी रखना खतरनाक या गलत
है, तो खेल रोक दिया जाना चाहिए, और क्रिकेट वेस्टइंडीज के मैच रेफरी से
सलाह ली जानी चाहिए।"
क्रिकेट
वेस्टइंडीज ने भरोसा दिलाया है कि टूर्नामेंट फाइनल सहित वेन्यू पर आने वाले मैचों
से पहले सुधार के उपाय किए जाएंगे। बोर्ड ने कहा, "आगे के मैचों के
लिए एक सुरक्षित और प्रतियोगी पिच तैयार किया जाएगा जिसके लिए सभी जरूरी संसाधन और
विशेषज्ञता का इस्तेमाल किया जाएगा।
यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि लीवार्ड आइलैंड्स बनाम त्रिनिदाद और
टोबैगो मैच के लिए इस्तेमाल की गई सतह वेन्यू पर मौजूद छह पिचों में से एक है और
गुयाना बनाम विंडवर्ड आइलैंड्स सीरीज के पहले मैच के लिए इस्तेमाल की गई सतह से
अलग है। क्रिकेट वेस्टइंडीज सभी वेन्यू पर पिच की तैयारी और मैच ऑपरेशन के सबसे
ऊंचे मानक को पक्का करते हुए खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना जारी
रखेगा।"
लीवार्ड
आइलैंड्स के कोच वाइल्डन कॉर्नवाल ने इस घटना और पिच की हालत पर चिंता जताते हुए
कहा, "वह अभी हॉस्पिटल में है। मुझे बस उम्मीद है कि उसके लिए सब कुछ ठीक
हो जाएगा और कोई गंभीर नुकसान नहीं होगा। जो हुआ उसे देखना सच में बहुत बुरा
था।" कॉर्नवाल ने सतह की तैयारी पर सवाल उठाते हुए कहा, "मेरे
हिसाब से, यह चार-दिन के विकेट की तैयारी के हिसाब से नहीं थी, इसलिए
हम देखते हैं कि इतने सारे खिलाड़ियों को नुकसान हुआ।
पिच पूरे तीन दिनों तक खराब
व्यवहार करती रही।" त्रिनिदाद और टोबैगो के कोच रयाद एमरिट ने कहा,
"सच कहूं तो, ढाई दिन तक बाउंस एक जैसा नहीं रहा।
मेरे हिसाब से, अगर यही फैसला है, तो उन्हें पहले दिन ही यह कर लेना
चाहिए था।" मैच रोके जाने के समय लीवर्ड आइलैंड्स का स्कोर 140/7 था।
सील्स के पास एक पारी में 10 विकेट लेने का मौका चला गया। मैच रद्द
किए जाने के समय वह 34 रन देकर 7 विकेट ले चुके थे।
















