पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर, राजनयिक मिशनों और विदेशी राजदूतों ने पीड़ितों को याद किया और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की। भारत पहलगाम आतंकी हमले की एक बरसी मना रहा है, जिसमें पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने पर्यटकों के धर्म की पहचान करके 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या कर दी थी।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने कहा कि वे पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए अपने भारतीय मित्रों और सहयोगियों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ है।
भारत में ब्रिटिश उच्चायोग ने आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा की और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से शांति और सुरक्षा के प्रति यूनाइटेड किंगडम की प्रतिबद्धता को दोहराया। फ्रांस ने भी भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में अपने संकल्प की पुष्टि की। भारत में फ्रांसीसी दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, फ्रांस पीड़ितों को याद करता है।
इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने भी पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सार ने इस बात पर जोर दिया कि इजरायल आतंकवाद से निपटने और शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए भारत के साथ सहयोग को और गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

















