सपनों को मिली पक्की छत : प्रधानमंत्री आवास योजना से संवरा प्रदीप राम का भविष्य

post

सपनों को मिली पक्की छत : प्रधानमंत्री आवास योजना से संवरा प्रदीप राम का भविष्य

अम्बिकापुर । प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) गरीब परिवारों के जीवन में किस तरह खुशहाली का सवेरा लेकर आ रही है, इसका जीवंत उदाहरण सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत मलगवां खुर्द के हितग्राही प्रदीप राम हैं। कभी कच्चे और खपरैल के मकान में असुरक्षित जीवन जीने को मजबूर प्रदीप आज अपने पक्के घर में ससम्मान निवास कर रहे हैं।

संघर्ष से सुरक्षा तक का सफर : 

अपनी पुरानी स्थितियों को याद करते हुए प्रदीप राम बताते हैं कि पहले उनका घर कच्चा था। खपरैल की छत होने के कारण मानसून के दौरान घर के भीतर पानी टपकना एक बड़ी समस्या थी। आर्थिक स्थिति इतनी सुदृढ़ नहीं थी कि वे स्वयं के खर्च पर पक्का मकान बना सकें। मामूली आमदनी में केवल परिवार का भरण-पोषण ही हो पाता था। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि बारिश के दिनों में हम हमेशा डरे रहते थे। दो छोटे बच्चों (बेटा और बेटी) के साथ कच्चे घर में रहना बड़ी चुनौती थी। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरा भी कभी अपना पक्का मकान होगा, लेकिन शासन की मदद ने इस नामुमकिन को मुमकिन कर दिया।

बुनियादी सुविधाओं का विस्तार : 

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान बन जाने से न केवल छत की समस्या दूर हुई है, बल्कि अब वहां पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी बेहतर व्यवस्था हो गई है। प्रदीप का कहना है कि अब उनका परिवार पूरी तरह सुरक्षित है और वे एक आरामदायक जीवन जी रहे हैं।

योजना के लिए शासन का जताया आभार : 

पक्का आवास मिलने की खुशी साझा करते हुए प्रदीप राम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन गरीबों के हितों के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। आज यह पक्का मकान उनके परिवार के लिए केवल एक घर नहीं, बल्कि खुशियों का आधार बन गया है।

You might also like!