राष्ट्रपति के साथ मुलाकात के बाद बोले राघव चड्ढा, बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है पंजाब सरकार


देश 05 May 2026
post

राष्ट्रपति के साथ मुलाकात के बाद बोले राघव चड्ढा, बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है पंजाब सरकार

नई दिल्ली, 05 मई । भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार पर राज्य की मशीनरी के कथित दुरुपयोग को लेकर चिंता जताई। राघव चड्ढा ने बताया कि इस पूरे मामले की शिकायत राष्ट्रपति से की गई है और उन्होंने कार्रवाई का भरोसा भी दिया है।

राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए राघव चड्ढा ने आरोप लगाया कि पंजाब की सरकार आम आदमी पार्टी छोड़ कर अन्य दलों में शामिल हुए राज्यसभा सांसदों को निशाना बनाने के लिए सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति तब और गंभीर हो गई जब उनके साथी सांसद संदीप पाठक के खिलाफ दो “दुर्भावनापूर्ण और मनगढ़ंत” एफआईआर दर्ज की गईं। उन्होंने बताया कि मीडिया के जरिए यह भी फैलाया गया कि उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।

राघव चड्ढा ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विजिलेंस, प्रदूषण बोर्ड और पंजाब पुलिस का इस्तेमाल बदले की भावना से करना एक खतरनाक खेल है। राघव चड्ढा ने कहा कि जब तक नेता ‘आआपा में रहते हैं, उन्हें ईमानदार बताया जाता है, लेकिन पार्टी छोड़ते ही उन्हें भ्रष्ट करार दिया जाने लगता है। उन्होंने इसे दोहरे मापदंड बताते हुए कहा कि अब ‘आआपा’ खुद उसी राजनीति पर उतर आई है, जिसके खिलाफ वह कभी खड़ी हुई थी।

उल्लेखनीय है कि इन भाजपा सांसदों के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करने पहुंचे हैं।

You might also like!