आज देश पासपोर्ट सेवा दिवस मना रहा है।


देश 24 June 2026
post

आज देश पासपोर्ट सेवा दिवस मना रहा है।

आज पासपोर्ट सेवा दिवस है। यह दिन 24 जून 1967 को पासपोर्ट अधिनियम के लागू होने की स्मृति में मनाया जाता है।
 
इस अवसर पर विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम 2.0 का क्रियान्वयन, चिप-आधारित ई-पासपोर्ट की शुरुआत, नए पासपोर्ट सेवा केंद्रों और डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों का खुलना और रिकॉर्ड स्तर पर पासपोर्ट जारी करना यात्रा को सुगम बना रहा है, वैश्विक अवसरों तक पहुंच का विस्तार कर रहा है और नागरिकों को सशक्त बना रहा है। सोशल मीडिया पोस्ट में मंत्री ने भारत और विदेश में सभी पासपोर्ट प्राधिकरणों को 14वें पासपोर्ट सेवा दिवस की शुभकामनाएं दीं। डॉ. जयशंकर ने 'सुरक्षित पासपोर्ट, सुगम सेवा, सशक्त नागरिक' के दृष्टिकोण से निर्देशित होकर पासपोर्ट सेवाओं की डिलीवरी को तेज, अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया।
 
संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सेवा, सुशासन और नागरिक सुविधा के संकल्प के साथ, इंडिया पोस्ट द्वारा संचालित डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओपीएसके) के माध्यम से पासपोर्ट सेवाएं देश के सुदूर क्षेत्रों तक भी पहुंच रही हैं। मंत्री ने कहा कि ई-पासपोर्ट और पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम 2.0 जैसी पहल भारत की आधुनिक, डिजिटल और सशक्त प्रशासनिक व्यवस्था का सशक्त प्रमाण हैं। उन्होंने आगे कहा कि नागरिकों को सरल और उच्च गुणवत्ता वाली पासपोर्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

You might also like!