बांग्लादेश के लाेगाें के लिए भारत फिर शुरु करेगा पर्यटक वीजा की सुविधा


विदेश 25 June 2026
post

बांग्लादेश के लाेगाें के लिए भारत फिर शुरु करेगा पर्यटक वीजा की सुविधा

ढाका, 25 जून। बांग्लादेश में नव नियुक्त भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने घोषणा की है कि भारत लगभग दो साल के अंतराल के बाद 28 जून से बांग्लादेश के लाेगाें के लिए पर्यटक वीजा फिर से शुरू करेगा।

उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने यहां बंगभवन में बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन को गुरुवार काे अपना परिचय पत्र प्रस्तुत किया और जमुना फ्यूचर पार्क स्थित भारतीय वीज़ा आवेदन केंद्र (आईवीएसी) का दौरा कर चल रही वीज़ा प्रक्रियाओं की समीक्षा की। दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि जमुना फ्यूचर पार्क स्थित आईवीएसी भारत के सबसे बड़े वीज़ा सहायता केंद्रों में से एक है और भारत और बांग्लादेश के बीच आपसी आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्हाेंने जानकारी दी कि रविवार से बांग्लादेश के लाेगाें के लिए पर्यटक वीजा की सुविधा फिर शुरू कर दी जाएगी।

वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री शेख हसीना के तख्तापलट के बाद हुईं अप्रिय घटनाओं के बीच बांग्लादेश के लाेगाें के लिए पर्यटन वीजा की सुविधा स्थगित कर दी गई थी।

इस बीच बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त नियुक्त किये गये दिनेश त्रिवेदी को सरकारी समाराेहाें के लिए केंद्र सरकार के कैबिनेट मंत्री के बराबर प्राेटाेकाॅल दिया गया है। सरकार ने औपचारिक कार्यक्रमों के लिए उन्हें मंत्री का प्राेटाेकाॅल दिए जाने की घाेषणा की है। गृह मंत्रालय के लाेकाचार विभाग की ओर से बुधवार काे जारी एक शासनादेश में कहा गया है कि त्रिवेदी को 'टेबल ऑफ़ प्रेसिडेंस' में यह बराबर का दर्जा व्यक्तिगत तौर पर दिया गया है। साथ ही यह भी साफ किया गया है कि यह पद सिर्फ औपचारिक कार्यक्रमों के लिए है।

उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता त्रिवेदी पूर्व में केंद्रीय मंत्री रहे हैं और उच्चायुक्त का पद मंत्री के नीचे आता है। इसलिए विदेश मंत्री के दाैरे में समाराेहाें में बैठने के प्राेटाेकाॅल में उनके राजनीतिक कद के हिसाब में काेई असहजता नहीं हाे, इसलिए यह निर्णय जरूरी था। श्री त्रिवेदी बंगाली भाषा में माहिर हैं। उन्हें 27 अप्रैल को बांग्लादेश में भारत का दूत नियुक्त किया गया था। हाल के वर्षाें में किसी राजनेता की यह पहली राजनयिक नियुक्ति की गई है।

You might also like!