डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ क्षेत्र इन दिनों सिर्फ धार्मिक पहचान के लिए नहीं, बल्कि अंतर्राज्यीय अवैध शराब नेटवर्क के कारण भी सुर्खियों में है। गांवों की शांत गलियों और सुनसान रास्तों के पीछे किस तरह शराब तस्करी का जाल फैल चुका है, इसका एक और बड़ा खुलासा पुलिस कार्रवाई में हुआ है। इस बार कहानी का केंद्र बना मोहारा क्षेत्र का मुढिया नाला… जहां झाड़ियों और सुनसान रास्तों के बीच अवैध शराब का पूरा नेटवर्क सक्रिय था।
पुलिस को सूचना मिली कि यहां मध्यप्रदेश से लाई गई शराब डंप कर खुलेआम सप्लाई की जा रही है। सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस और स्पेशल टीम ने ऐसा जाल बिछाया कि पूरे नेटवर्क में भगदड़ मच गई। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वहां मौजूद लोग अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने लगे। कुछ लोग बच निकले, लेकिन पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोच लिया। मौके से मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की की 9 पेटियां, करीब 81 बल्क लीटर शराब और सप्लाई में इस्तेमाल हो रही ओला ईवी स्कूटी जब्त की गई। पुलिस के मुताबिक शराब की कीमत करीब 1.10 लाख रुपए है।















