मई में यात्री वाहनों की थोक बिक्री में 27.3 फीसदी का इजाफा : सियाम


व्यापार 15 June 2026
post

मई में यात्री वाहनों की थोक बिक्री में 27.3 फीसदी का इजाफा : सियाम

नई दिल्ली, 15 जून। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच घरेलू यात्री वाहनों की थोक बिक्री में इजाफा हुआ है। मई में यात्री वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 27.3 फीसदी बढ़कर 4,38,854 इकाई हो गई। मई 2025 में थोक बिक्री 3,44,656 इकाई रही थी।

उद्योग संगठन सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने सोमवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी। सियाम की ओर से जारी एक बयान के अनुसार दोपहिया वाहनों की कुल बिक्री भी मई महीने में 14.8 फीसदी बढ़कर 19,02,209 इकाई हो गई, जो मई 2025 में 16,57,116 इकाई थी।

उद्योग संगठन सियाम के मुताबिक तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री मई में 31.1 फीसदी बढ़कर 70,720 इकाई हो गई, जबकि एक वर्ष पहले इसी महीने में यह 53,942 इकाई रही थी।

सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने जारी बयान में कहा, "यात्री वाहनों, तिपहिया और दोपहिया वाहनों ने मई 2026 में अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की, जिसमें हर सेगमेंट में दोहरे अंकों की मजबूत वृद्धि हुई है।"

उन्होंने कहा, "पिछले वर्ष मई के निम्न आधार प्रभाव और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) दरों में कमी से उत्पन्न मांग, साथ ही आसान वित्तपोषण के कारण मई महीना फिर से खपत में वृद्धि के रूप में दिख रही है।"

You might also like!