‘अल्फा’ का धमाकेदार टीजर आउट: आलिया भट्ट का दिखा खूंखार एक्शन, बॉबी देओल के ट्विस्ट ने उड़ाए होश


मनोरंजन 11 June 2026
post

‘अल्फा’ का धमाकेदार टीजर आउट: आलिया भट्ट का दिखा खूंखार एक्शन, बॉबी देओल के ट्विस्ट ने उड़ाए होश

मुंबई। यशराज फिल्म्स (YRF) ने अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘अल्फा’ (Alpha) का शानदार टीजर रिलीज कर दिया है, जिसने सोशल मीडिया पर आते ही तहलका मचा दिया है। शिव रावेल के निर्देशन और आदित्य चोपड़ा के प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की सातवीं और पहली फीमेल लीड स्पाई थ्रिलर है। फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि बॉबी देओल और अनिल कपूर भी बेहद अहम किरदारों में नजर आएंगे। यह फिल्म 3 जुलाई, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है।

लगभग दो मिनट का यह टीजर दर्शकों को स्पाई यूनिवर्स के एक गहरे और इमोशनल पहलू से रूबरू कराता है। टीजर की शुरुआत एक भावुक पिता-बेटी के सीन से होती है, जहां बॉबी देओल का किरदार आलिया भट्ट का 18वां जन्मदिन मनाता है। बॉबी उसे तोहफे में एक चाबी देते हैं, जो असल में आलिया के पहले सीक्रेट मिशन का रास्ता खोलती है। इसके बाद शुरू होता है भारत की अगली पीढ़ी के जासूसों को तैयार करने का एक बेहद कठिन और हार्डकोर ट्रेनिंग प्रोग्राम। बॉबी का किरदार आलिया को एक निडर योद्धा के रूप में ढालता है और उसके हाथ पर ‘अल्फा’ संगठन का टैटू बनाता है।

टीजर का सबसे बड़ा आकर्षण इसके हाई-ऑक्टेन एक्शन सीन्स हैं। आलिया भट्ट को पहली बार इस तरह के खूंखार एक्शन अवतार में, आमने-सामने की लड़ाई और खतरनाक मिशनों को अंजाम देते देखना दर्शकों के लिए एक विजुअल ट्रीट है। आलिया ने खुद इस प्रोजेक्ट पर खुशी जताते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा में महिला प्रधान एक्शन फिल्मों का दायरा बहुत सीमित रहा है, और ‘अल्फा’ के जरिए उन्हें इस जॉनर को एक्सप्लोर करने का बेहतरीन मौका मिला है। ‘एक था टाइगर’, ‘पठान’ और ‘वॉर’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बाद, अब ‘अल्फा’ स्पाई यूनिवर्स को एक नए और रोमांचक स्तर पर ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

You might also like!