टीएमसी से बगावत कर एनसीपीआई में शामिल हुए 20 सांसदों को भी सर्वदलीय बैठक का न्योता


देश 18 July 2026
post

टीएमसी से बगावत कर एनसीपीआई में शामिल हुए 20 सांसदों को भी सर्वदलीय बैठक का न्योता

केंद्र सरकार ने संसद के मानसून सत्र से पहले आयोजित होने वाली सर्वदलीय बैठक के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से अलग होकर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में शामिल होने वाले 20 सांसदों को भी आमंत्रित किया है।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एनसीपीआई के लोकसभा में नेता सुदीप बंद्योपाध्याय को पत्र लिखकर 19 जुलाई को होने वाली फ्लोर लीडर्स की बैठक में शामिल होने का आग्रह किया है।

रिजिजू की ओर से 18 जुलाई को लिखे गए पत्र में कहा गया कि सुदीप बंद्योपाध्याय सहित 20 सांसद हाल ही में एनसीपीआई में शामिल हुए हैं और पार्टी को मान्यता देने का अनुरोध लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष विचाराधीन है। इसके बावजूद संसद के सुचारु संचालन और विभिन्न विधायी कार्यों पर चर्चा के उद्देश्य से उन्हें सर्वदलीय बैठक में आमंत्रित किया गया है।

पत्र में कहा गया कि लोकसभा और राज्यसभा के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की यह बैठक रविवार, 19 जुलाई को सुबह 11 बजे संसद भवन एनेक्सी के मुख्य समिति कक्ष में आयोजित होगी। बैठक में मानसून सत्र के दौरान सदनों के समक्ष आने वाले महत्वपूर्ण विधायी और अन्य संसदीय कार्यों पर चर्चा की जाएगी। संसदीय कार्य मंत्री ने सभी दलों से संसद के दोनों सदनों के सुचारु संचालन में सहयोग देने की अपील की है।

रिजिजू ने अपने पत्र में एनसीपीआई की ओर से नामित मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) डॉ. काकोली घोष दस्तीदार से भी बैठक में शामिल होने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं की उपस्थिति से बैठक में सार्थक चर्चा सुनिश्चित होगी।

You might also like!