फिल्म और टीवी शो बनाने वाली कंपनी ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट का आईपीओ लॉन्च, 11 अगस्त तक लगा सकते हैं बोली


व्यापार 07 August 2026
post

फिल्म और टीवी शो बनाने वाली कंपनी ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट का आईपीओ लॉन्च, 11 अगस्त तक लगा सकते हैं बोली

नई दिल्ली, 07 अगस्त । खेल-खेल में, द डिप्लोमैट, ओएमजी-2 जैसी फिल्मों के साथ ही कॉमेडी सर्कस, क्राइम पेट्रोल, बालवीर, सजन रे झूठ मत बोलो, लेडीज स्पेशल, सास बिना ससुराल, कॉमेडी नाइट्स जैसे टीवी शो प्रोड्यूस कर चुकी बॉलीवुड प्रोड्यूसर विपुल डी शाह की प्रोडक्शन कंपनी ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट इंडिया का 108.50 करोड़ रुपये का आईपीओ आज सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च कर दिया गया। इस आईपीओ में 11 अगस्त तक बोली लगाई जा सकती है। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 12 अगस्त को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा, जबकि 13 अगस्त को अलॉटेड शेयर डीमैट अकाउंट में क्रेडिट कर दिए जाएंगे। कंपनी के शेयर 14 अगस्त को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। लॉन्चिंग के बाद शाम तीन बजे तक यह आईपीओ को 45 प्रतिशत सब्सक्राइब हो चुका था।

इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 166 रुपये से लेकर 175 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 800 शेयर का है। इस आईपीओ में रिटेल इनवेस्टर्स को दो लॉट यानी 1,600 शेयरों के लिए बोली लगाना होगा, जिसके लिए उन्हें 2,80,000 रुपये का निवेश करना होगा। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 62 लाख शेयर जारी हो रहे हैं। इनमें 88 करोड़ रुपये के 50 लाख नए शेयर जारी किये जा रहे हैं, जबकि 20.50 करोड़ रुपये के 12 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिये बेचे जा रहे हैं।

इस आईपीओ में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए 44.94 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व किया गया है। इसके अलावा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए 31.51 प्रतिशत हिस्सा और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (एनआईआई) के लिए 13.55 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व है। इसके अलावा मार्केट मेकर के लिए 10 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व किया गया है। इस इश्यू के लिए एलएसआई फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है, जबकि मां शीतला सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड को रजिस्ट्रार बनाया गया है। मानसी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का मार्केट मेकर है।

ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट इंडिया की वित्तीय स्थिति की बात करें, तो कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास जमा कराए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 6.69 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 17.24 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। वहीं पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी को 24.04 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2023-24 में इसे 54.99 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हुआ, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 125.07 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी को 135.89 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस अवधि में कंपनी पर लदा कर्ज का बोझ भी पूरी तरह से खत्म हो गया। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर नौ लाख रुपये के कर्ज का बोझ था, जो अगले वित्त वर्ष 2024-25 में भुगतान कर दिए जाने की वजह से खत्म हो गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 तक यह कंपनी पूरी तरह से कर्जमुक्त थी।

इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में भी बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2023-24 में ये 59.66 करोड़ रुपये के स्तर पर था। इसी तरह 2024-25 में कंपनी का नेटवर्थ बढ़ कर 97.19 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में ये 131.47 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। कंपनी के रिजर्व और सरप्लस की बात करें, तो इस अवधि में कंपनी इस मोर्चे पर भी बढ़त हासिल करने में सफल रही है। वित्त वर्ष 2023-24 में ये कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 59.30 करोड़ रुपये के स्तर पर था। इसी तरह 2024-25 में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस उछल कर 96.65 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 113.20 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

इसी तरह ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) 2023-24 में 4.48 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो 2024-25 में बढ़ कर 23.93 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का ईबीआईटीडीए उछल कर 31.10 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

You might also like!