बलरामपुर : रोजगार दिवस से गांवों में विकास कार्यों को मिलेगी गति

post

बलरामपुर : रोजगार दिवस से गांवों में विकास कार्यों को मिलेगी गति

बलरामपुर, 07 अगस्त । बलरामपुर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आज शुक्रवार काे चावल महोत्सव के साथ रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने और गांवों के विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया। विकसित भारत जी-रामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी और जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित रोजगार दिवस में ग्राम सभाओं की प्राथमिकताओं के अनुसार विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा हुई। आजीविका डबरी और नवा तरिया जैसे आजीविका से जुड़े कार्यों को गति देने के साथ मेरी बेटी, मेरा अभिमान अभियान के तहत बालिका शौचालय निर्माण और धार अपार अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों ने सभी कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। ग्रामीणों को योजनाओं से मिलने वाले लाभ और उनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।

रोजगार दिवस के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। आवास निर्माण में तेजी लाने, समय पर किस्तों का भुगतान करने, लंबित जियो टैगिंग पूरी करने और रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। स्व-सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाने और हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।

विकसित भारत जी-रामजी योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी लोगों तक आसानी से पहुंचाने के लिए क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था की भी पहल की गई। इससे ग्रामीण अपने मोबाइल के माध्यम से योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित रोजगार दिवस में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

You might also like!