रायपुर, 07 अगस्त । छत्तीसगढ़ के दुर्गम और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में इस बार स्वतंत्रता दिवस पर ऐतिहासिक 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के उप-मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने इस विशेष अभियान की विस्तृत रूपरेखा आज भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में साझा की।
उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी का “हर घर तिरंगा” और “तिरंगा यात्रा” अभियान देशभक्ति की लहर जगाने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व राष्ट्र निर्माताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक भव्य और ऐतिहासिक माध्यम बनेगा।
अरुण साव ने कहा कि बस्तर के वे नक्सल प्रभावित दुर्गम क्षेत्र, जहां अब तक राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया जा सका था, वहां इस वर्ष 15 अगस्त को तिरंगा लहराएगा। यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। वर्ष 2022 से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसका मूल उद्देश्य देश की युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति से जोड़ना, संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना, सामाजिक समरसता तथा ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सुदृढ़ करना है।इस दौरान प्रदेश की सभी 450 से अधिक भाजपा मंडल इकाइयों, बड़े गांवों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और विकासखंड मुख्यालयों में जन-जागरण के लिए तिरंगा यात्राएं निकाली जाएगी।
साव ने बताया कि आगामी 10 अगस्त को राजधानी के मरीन ड्राइव से तिरंगा यात्रा का ऐतिहासिक शुभारम्भ सुबह 10 बजे होगा। इस यात्रा में मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स, पूर्व सैनिक, खिलाड़ी, स्वयंसेवी संस्थाएं, धर्माचार्य और विभिन्न समाजों के विशिष्ट जन शामिल होंगे। यात्रा को यादगार बनाने के लिए लोग पारंपरिक वेशभूषा, वाद्य यंत्रों, घोड़ों और सवारियों के साथ शामिल होंगे।
साव ने सोशल मीडिया पर ‘डिजिटल तिरंगा’ अभियान की जानकारी देते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे हर घर, दुकान, संस्थान और कार्यालय पर तिरंगा लहराएं तथा अपनी फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करें। इससे पूरी दुनिया में यह संदेश जाएगा कि भारत अपनी आजादी का पर्व कितने गौरव और उल्लास के साथ मना रहा है। साव ने प्रदेश के सभी वर्गों, संस्थाओं और नागरिकों से आग्रह किया कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और ‘तिरंगा यात्रा’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और राष्ट्र व संविधान के प्रति अपना सम्मान प्रकट करें।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए 15 अगस्त के अवसर पर समूचे बस्तर सम्भाग में आयोजित होने वाली ऐतिहासिक ‘तिरंगा रैली’ और संगठन की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। शर्मा ने कहा कि देश में राष्ट्रीय पर्वों के आगमन के साथ ही हर नागरिक के मन में देशभक्ति का भाव जागृत होता है और इसी राष्ट्रीयता के भाव को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इस बार सम्पूर्ण बस्तर में एक अभूतपूर्व अभियान चलाया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि वर्तमान सरकार के गठन के बाद से सन 2024 से 2026 तक स्वाधीनता दिवस व गणतंत्र दिवस के पांच आयोजनों में बस्तर के उन दूरस्थ गांवों में तिरंगा लहराया गया, जहां आजादी के बाद से कभी राष्ट्रध्वज नहीं लहराया था। इस वर्ष बीजापुर जिला के 33 गाँवों, सुकमा जिला के 50 गाँवों और नारायणपुर के 9 गाँवों में पहली बार तिरंगा लहराएगा। शर्मा ने स्पष्ट किया कि बस्तर के जो क्षेत्र पूर्व में नक्सली हिंसा और बड़ी घटनाओं के कारण ‘कुख्यात’ हो गए थे, अब उन्हें विकास और राष्ट्रीय धारा से जोड़कर ‘विख्यात’ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
विजय शर्मा ने कहा, पूवर्ती, सिलगेर, दरभा जैसे संवेदनशील और दुर्गम क्षेत्रों को इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से आपस में जोड़ा जाएगा। इस अभियान में बाइक रैली और युवाओं की भागीदारी की चर्चा करते हुए शर्मा ने कहा कि भाजपा एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता, आम नागरिक और स्थानीय युवा मिलकर पूरे बस्तर में भव्य बाइक रैली निकालेंगे।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने भाजयुमो द्वारा शहीदों के परिजनों को सम्मान और तिरंगा भेंट करने के कार्यक्रम की चर्चा करते हुए कहा कि 31 मार्च, 2026 तक बस्तर में चले नक्सल उन्मूलन अभियान व शांति स्थापना के इस पूरे उपक्रम में जिन वीर जवानों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है, उनके घरों पर जाकर युवा मोर्चा व पार्टी कार्यकर्ता तिरंगा भेंट कर रहे हैं और शहीद परिवारों से आत्मीय मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त कर रहे हैं।
विजय शर्मा ने जानकारी दी कि इस 15 अगस्त के अवसर पर बस्तर संभाग में 500 से अधिक स्थानों, जिनमें स्कूल, प्रमुख चौराहे और सामुदायिक भवन शामिल हैं, का नामकरण देश एवं प्रदेश के अमर शहीदों के नाम पर किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री तिरंगा अभियान के प्रदेश प्रभारी यशवंत जैन, प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश मंत्री अमित साहू, प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही, जिला महामंत्री अमित मैशेरी, प्रदेश मीडिया सह संयोजक गोविन्दा गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी रोहित द्विवेदी मौजूद रहे।
भाजपा का दुर्गम और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस पर ऐतिहासिक 'हर घर तिरंगा' अभियान








.jpg)
.jpg)


.jpg)


