शेयर बाजार में गिरावट के सिलसिले पर लगा ब्रेक, मजबूती के साथ सेंसेक्स-निफ्टी बंद


व्यापार 20 August 2026
post

शेयर बाजार में गिरावट के सिलसिले पर लगा ब्रेक, मजबूती के साथ सेंसेक्स-निफ्टी बंद

नई दिल्ली, 20 अगस्त  अमेरिकी बांड मार्केट में आई नरमी के कारण एशिया के ज्यादातर स्टॉक मार्केट में बने उत्साह के माहौल और घरेलू शेयर बाजार में निचले स्तर से हुई खरीदारी की वजह से आज सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने एक सप्ताह से अधिक समय से जारी गिरावट के सिलसिले पर ब्रेक लगा दिया। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। दिन के पहले सत्र में यदा कदा बिकवाली का दबाव भी बनता रहा, लेकिन दोपहर 12:30 बजे के बाद खरीदारों ने लिवाली का एकतरफा जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की मजबूती और बढ़ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.82 प्रतिशत और निफ्टी 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 558.77 अंक यानी 0.73 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,468.45 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण पहले 15 मिनट में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 100 अंक फिसल कर 77,371 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स की मजबूती और बढ़ने लगी। खासकर, दोपहर 12:30 बजे के बाद बाजार में तेजड़िये पूरी तरह से हावी हो गए।

लगातार हो रही खरीदारी की वजह से यह सूचकांक 701.43 अंक यानी 0.91 प्रतिशत उछल कर 77,611.11 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, कारोबार के आखिरी आधे घंटे में मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 70 अंक से अधिक फिसल कर 628.04 अंक यानी 0.82 प्रतिशत की तेजी के साथ 77,537.72 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 147.15 अंक यानी 0.61 प्रतिशत उछल कर 24,225.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 40 अंक से अधिक टूट कर 24,184.55 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे निफ्टी की मजबूती बढ़ने लगी।

लगातार हो रही लिवाली की वजह से यह सूचकांक 186.85 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की छलांग लगा कर 24,265.15 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई बिकवाली के कारण निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 33 अंक से अधिक फिसल कर 153.55 यानी 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,231.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

You might also like!