रामनाथपुरम, 16 अप्रैल । तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई ने कहा कि परिवारवादी राजनीति के पतन के लिए 2026 का चुनाव परिणाम महत्वपूर्ण है। पिछले सप्ताह मुख्य सचिव बदले गए और दाे दिन पहले डीजीपी बदले गए। अब 23 तारीख को मुख्यमंत्री को बदलना चाहिए।
तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई गुरुवार काे रामनाथपुरम जिले के मुदुकुलाथूर में अन्नाद्रमुक उम्मीदवार मलेशिया पांडी के समर्थन में चुनाव प्रचार के दौरान बाेल रहे थे। अन्नामलाई ने कहा कि आप लोग तेज धूप की परवाह किए बिना मेरा इंतजार कर रहे हैं। यहां चुनाव लड़ रहे डीएमके सरकार के मंत्री एक रोटेशन मंत्री हैं। जहां भी जाते हैं, वहां विरोध होता है।
अन्नामलाई ने कहा कि डीएमके के 5 साल के शासन में महिलाओं के खिलाफ अपराध—2080 बलात्कार के मामले दर्ज ह़ुए और 8,008 हत्याएं हुई हैं। बच्चों के खिलाफ यौन अपराध 900 हुए हैं। पांच साल बाद चुनाव के समय मंत्री जनता से मिल रहे हैं।
उन्हाेंने कहा कि रामनाथपुरम जिले के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने बहुत कुछ किया है—मेडिकल कॉलेज, रामेश्वरम रेलवे स्टेशन, 1800 करोड़ रुपये की परमक्कुडी-रामनाथपुरम फोर-लेन सड़क, 3,900 करोड़ रुपये की जल जीवन योजना से रामनाथपुरम और पुदुकोट्टई जिलों को लाभ मिलेगा।
अन्नामलाई ने कहा कि राज्य में परिवारवादी राजनीति को समाप्त करने के लिए 2026 का चुनाव परिणाम महत्वपूर्ण है।
तमिलनाडु में परिवारवादी राजनीति को समाप्त करने का सही समय: भाजपा

















