काठमांडू, 16 अप्रैल । कम्बोडिया में अवैध रूप से रह रहे 46 नेपाली नागरिकों को स्वदेश वापस भेजा गया है। कम्बोडिया से बचाकर लाए गए नेपाली नागरिक गुरुवार को नेपाल पहुंचे हैं।
थाईलैंड में नेपाली राजदूतावास ने एक बयान में बताया कि ये नेपाली नागरिक विभिन्न लालच में पड़कर अलग-अलग माध्यमों से कम्बोडिया पहुंचे थे, जहां उन्हें अवैध रूप से संचालित ऑनलाइन स्कैमिंग सेंटर, कसीनो में ऑनलाइन ठगी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में लगाया गया था। साथ ही वे बिना वीज़ा के वहां रह रहे थे। नेपाल के 46 नागरिक १३ और १४ अप्रैल को भेजे गए, जो गुरुवार को नेपाल पहुंचे हैं।
दूतावास ने यह भी जानकारी दी है कि कम्बोडिया में फंसे अन्य नेपाली नागरिकों को वापस लाने के प्रयास जारी हैं। दूतावास के अनुसार नेपाली नागरिकों को ऑनलाइन ठगी जैसे गैरकानूनी कार्यों में लगाया जा रहा है और कई लोग बिना वीज़ा या वीज़ा अवधि समाप्त होने के बाद भी वहां रह रहे हैं।
कम्बोडिया के पर्यटन संबंधी आंकड़ों के अनुसार हाल के वर्षों में वहां जाने वाले नेपाली नागरिकों की संख्या तेजी से बढ़ी है। वर्ष 2021 में सिर्फ 101 नेपाली पर्यटक वीज़ा पर कम्बोडिया गए थे। इसके बाद 2022 में यह संख्या 1977, 2023 में 2940, 2024 में 6404 और 2025 में बढ़कर 9676 हो गई है।
कंबोडिया में अवैध रूप से रह रहे ४६ नेपाली नागरिकों को स्वदेश भेजा गया
















