लखनऊ । भारतीय वायुसेना ने बुधवार को
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक महत्वपूर्ण युद्धाभ्यास शुरू किया, जिसमें
हाईवे को अस्थायी रनवे के रूप में इस्तेमाल करने की क्षमता का परीक्षण किया जा रहा
है। यह अभ्यास अखलीकिरी करवत गांव के पास बनी 3.2 किलोमीटर लंबी
एयरस्ट्रिप पर किया जा रहा है।
इस
एयर शो में सुखोई-30 MKI, जगुआर, मिराज-2000
और
तेजस जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमान शामिल हैं। इसके अलावा सी-295 और
एएन-32 जैसे परिवहन विमान भी अभ्यास का हिस्सा हैं। दोपहर 2:30 बजे
शुरू हुआ यह अभ्यास रात 9 बजे तक दो चरणों में जारी रहेगा।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने एक्सप्रेस-वे के करीब 12 किलोमीटर
हिस्से को सील कर दिया है और यातायात को 1 मई तक डायवर्ट किया गया है। जिलाधिकारी
इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और स्थानीय लोगों
को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
यह युद्धाभ्यास आपातकालीन परिस्थितियों में वायुसेना की तैयारियों को
परखने के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। यदि युद्ध के दौरान पारंपरिक एयरबेस
क्षतिग्रस्त हो जाते हैं, तो ऐसे हाईवे रनवे के रूप में काम आ
सकते हैं। इससे त्वरित तैनाती, राहत और बचाव कार्यों में भी तेजी लाई
जा सकती है।














