देवास, 14 मई। मध्य प्रदेश के देवास जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम टोंककला के समीप स्थित एक पटाखा फैक्टरी में गुरुवार को जोरदार विस्फोट होने बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 12 घायल हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताया और घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ग्राम टोंककला स्थित पटाखा फैक्टरी में सुबह करीब 10.30 बजे जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद फैक्टरी में भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे अंदर मौजूद मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में तीन श्रमिकों की मौत हो गई है। मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका प्रकट की जा रही है।
पटाखा फैक्टरी के चारों ओर धुआं ही धुआं नजर आ रहा है। आसपास लोगों की भीड़ लगी हुई है। यहां काम कर रहे श्रमिक बिहार के अररिया जिले के बताए जा रहे हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी और बचाव दल कर्मी मौके पहुंचे। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। फैक्टरी में अब भी भारी मात्रा में बारूद और पटाखे मौजूद हैं। प्रशासन की टीम आग पर काबू करने के बाद पूरे एरिया को सैनिटाइज करने में जुटी हुई है।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि जहां विस्फोट हुआ वहां 15 से 20 मजदूर काम कर रहे थे। लंच से करीब 15 से 20 मिनट पहले ही फैक्टरी में विस्फोट हो गया। लोगों ने बताया कि कर्मचारियों का खाना भी आ चुका था, लेकिन हादसे के बाद लोग खाना छोड़कर जान बचाने के लिए भागे।
संभागायुक्त आशीष सिंह के मौके पर पहुंचने पर भीड़ ने उन्हें घेर लिया और आक्रोश व्यक्त करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट किया।
बिहार के अररिया जिले के विपिन कुमार ने बताया कि वह मशीन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान करीब 20 मीटर की दूरी पर जोरदार धमाका हुआ। जाकर देखा तो कई लोग घायल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि एंबुलेंस भी लेट से पहुंची थी।
श्रमिकों के अनुसार फैक्टरी में कई कमरे बने हुए हैं। इनमें से एक में धमाका हुआ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना को लेकर सोशल मीडिया एक्स पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि देवास जिले के टोंककला में पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने की घटना बेहद दुखद है। जिले के प्रभारी और उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। घटना की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और घायलों का मुफ्त इलाज कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा की शांति, परिजनों को दुख सहने की शक्ति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
मप्र के देवास में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के बाद लगी भीषण आग, तीन की मौत, 12 मजदूर घायल
















