महिला टी-20 विश्व कप क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को छह विकेट से हरा दिया। मैनचेस्टर में खेले गए ग्रुप-ए मुकाबले में भारत के 159 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने पांच गेंद शेष रहते चार विकेट पर 161 रन बना लिए।
दक्षिण अफ्रीका की मारिज़ान कैप ने नाबाद 81 रन की शानदार पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारत की ओर से श्री चरणी ने तीन विकेट लिए। इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 158 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने सर्वाधिक 31 रन बनाए।
यह मैच भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए भी खास रहा। वह महिला और पुरुष क्रिकेट दोनों में 200 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली पहली क्रिकेटर बन गई हैं।
महिला टी-20 विश्वकप क्रिकेट: दक्षिण अफ्रीका ने भारत को छह विकेट से हराया

















