नई दिल्ली, 06 जुलाई । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान के स्थानीय बस और ट्रक बॉडी बिल्डर्स से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने समस्याएं सुनीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की एमएसएमई विरोधी नीतियां छोटे उद्योगों का गला घोंट रही हैं और इसी कारण यह उद्योग संकट में हैं।
राहुल गांधी ने इस मुलाकात की जानकारी एक्स पर सोमवार को दी। उन्होंने कहा कि इन कारीगरों की विश्वस्तरीय कारीगरी फेरारी और रोल्स रॉयस जैसी कंपनियों के स्तर की है, लेकिन उन्हें सम्मान और सहयोग देने के बजाय नियमों के बोझ तले दबाया जा रहा है।
छोटे उद्योगों के बंद होने से केवल फैक्ट्रियां ही नहीं बंद होतीं, बल्कि भारत का हुनर हारता है और मेहनतकश कारीगर बेरोजगार होता है। राहुल गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी ऐसे कारीगरों का हक उनसे नहीं छिनने देगी।















