कांग्रेस सांसद तिवारी ने पंजाब के मुख्यमंत्री मान पर लगे आरोपों पर मांगा जवाब


देश 02 May 2026
post

कांग्रेस सांसद तिवारी ने पंजाब के मुख्यमंत्री मान पर लगे आरोपों पर मांगा जवाब

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर लग रहे आरोपों को लेकर स्पष्ट जवाब देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पंजाब जैसे महत्वपूर्ण राज्य के मुख्यमंत्री पर बार-बार नशे से जुड़े गंभीर आरोप लगना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।

श्री प्रमोद तिवारी ने हाल ही में सामने आए आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि यह दावा किया जा रहा है कि पंजाब के मुख्यमंत्री श्री मान विधानसभा में नशे की हालत में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं सार्वजनिक चर्चा का विषय बन चुकी हैं। उन्होंने पूर्व में विदेश यात्रा के दौरान विमान से उतारे जाने की कथित घटना और संसद के समय उठे सवालों का हवाला देते हुए कहा कि इन घटनाओं ने जनमानस में संदेह और असहजता पैदा की है तथा मुख्यमंत्री पद की गरिमा पर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं।

हालांकि, श्री तिवारी ने यह भी कहा कि इन आरोपों की सच्चाई स्पष्ट होना आवश्यक है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे इन सभी मुद्दों पर खुलकर स्पष्टीकरण दें। उनका कहना है कि लोकतंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोपरि होती है, खासकर जब बात किसी राज्य के सर्वोच्च पद की हो।

गौरतलब है कि शिरोमणि अकाली दल ने मुख्यमंत्री श्री मान पर विधानसभा में शराब पीकर आने का गंभीर आरोप लगाया और उनका डोप टेस्ट कराए जाने की मांग की।

You might also like!