नई दिल्ली, 09 मई।अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने कहा है कि उनकी टीम लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप जीतने का सपना जरूर देख सकती है, लेकिन मौजूदा समय में फ्रांस और स्पेन जैसी टीमें बेहतर फॉर्म में हैं।
यूट्यूब पर होस्ट पोलो अल्वारेज़ को दिए इंटरव्यू में मेसी ने कहा,“हमारी टीम में कई खिलाड़ी चोट या मैच फिटनेस की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन जब पूरा ग्रुप साथ आता है तो उसने हमेशा साबित किया है कि वह मुकाबला करना और जीतना जानता है।”
हालांकि मेसी ने माना कि आगामी विश्व कप में प्रतिस्पर्धा बेहद कठिन रहने वाली है।
उन्होंने कहा,“फ्रांस इस समय शानदार फॉर्म में है। उनके पास विश्व स्तरीय खिलाड़ियों की भरमार है।”
गौरतलब है कि अर्जेंटीना ने कतर में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में फ्रांस को हराकर खिताब जीता था।
मेसी ने स्पेन और ब्राजील को भी मजबूत दावेदार बताया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि पुर्तगाल बेहद प्रतिस्पर्धी टीम है, जबकि जर्मनी और इंग्लैंड जैसी यूरोपीय टीमें हमेशा खतरनाक साबित होती हैं।
इंटर मियामी के लिए खेलने वाले मेसी जून में 39 साल के हो जाएंगे, लेकिन उन्होंने अब तक यह आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं किया है कि वह वर्ल्ड कप 2026 खेलेंगे या नहीं। यह टूर्नामेंट 11 जून से 19 जुलाई 2026 तक अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में आयोजित होगा।
मेसी ने कहा कि उन्होंने अपने करियर को लेकर कोई समय सीमा तय नहीं की है।
उन्होंने कहा,“मुझे फुटबॉल खेलना पसंद है और मैं तब तक खेलूंगा जब तक खेल सकता हूं।”
उन्होंने आगे कहा,“मैं बहुत प्रतिस्पर्धी हूं। मुझे हर चीज में जीतना पसंद है। मैं तो अपने बेटे को वीडियो गेम में भी आसानी से नहीं जीतने देता।”
फीफा वर्ल्ड कप 2026: लियोनेल मेसी बोले- अर्जेंटीना खिताब बचाने का दावेदार, लेकिन फ्रांस और स्पेन ज्यादा मजबूत
















