विष्णुपुर जिले के तीन थाना क्षेत्रों से भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक बरामद


देश 13 May 2026
post

विष्णुपुर जिले के तीन थाना क्षेत्रों से भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक बरामद

इंफाल, 13 मई । मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में उग्रवादियों की गिरफ्तारी के साथ ही छिपाकर रखे गये हथियारों की बरामदगी के लिए पुलिस एवं सुरक्षा बलों का अभियान जारी है। इस कड़ी में मणिपुर पुलिस मुख्यालय ने बुधवार काे आधिकारिक बयान में बताया कि बिष्णुपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 11 एवं 12 मई को भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।

सुरक्षा बलों ने बिष्णुपुर ज़िले के कीबुल लामजाओ थानांतर्गत लाइसोई इलाके से 12 मई को बरामद सामग्रियों में मुख्य रूप से दो बोल्ट एक्शन राइफल, एक देसी 9 एमएम पिस्तौल, एक राइफ़ल, एक रॉकेट मोर्टार, दो आईईडी जिनका वजन लगभग 4 किग्रा प्रत्येक था, चार एचई 36 हैंड ग्रेनेड, एक चीनी हैंड ग्रेनेड, 30 अलग-अलग कैलिबर के गोला-बारूद के राउंड, छह हेलमेट, छह बीपी जैकेट, छह बीपी प्लेट, तीन अलग-अलग हथियारों की मैगज़ीन, एक पॉम्पी मोर्टार शेल, एक 12 बोर का कारतूस, पांच चार्जर के साथ बाओफेंग हैंडसेट, एक टेलिस्कोपिक साइट, पांच जिलेटिन स्टिक, एक पैरा बम, एक डेटोनेटर, दो मोर्टार शेल, एक 51 एमएम मोर्टार शेल, पांच ट्यूब लॉन्चिंग राउंड, तीन एक रिंग के साथ ट्यूब लॉन्चिंग ट्यूब, दो सिग्नल कार्ट्रिज और तीन बोरे जिनका इस्तेमाल आपत्तिजनक सामान छिपाने के लिए किया गया था, शामिल हैं।

12 मई को ही सुरक्षा बलों ने बिष्णुपुर ज़िले के मोइरांग थानांतर्गत कीफ़ा रोड के पास लोकतक मापल से बरामद सामग्रियों में एक बोल्ट एक्शन राइफ़ल, एक 9 एमएम की पिस्तौल मैगज़ीन के साथ, एक मोर्टार शेल, चार एचई 36 हैंड-ग्रेनेड, दो स्मोक ग्रेनेड, एक इम्प्रोवाइज़्ड रॉकेट मोर्टार, तीन जिलेटिन स्टिक, एक एंटी-एयरक्राफ्ट गोला-बारूद, 28 अलग-अलग कैलिबर के कारतूस, पांच बैलिस्टिक कारतूस, दो स्टन ग्रेनेड, एक पैरा आईएलएल बम, दो शॉटगन शेल, एक बाओफेंग रेडियो सेट और दो बीपी प्लेटें शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया है कि बीते 11 मई को सुरक्षा बलों ने बिष्णुपुर जिले के मोइरांग थानांतर्गत ट्रोंगलाओबी मानिंग गुरुखाना इलाके से एक आईईडी बरामद किया, जिसमें अन्य चीज़ों के अलावा एक वायरलेस कंट्रोल रिले स्विच पांच बैटरियों के साथ, छह प्लास्टिक पाउच जिनमें गन पाउडर भरा था, 12.75 मीटर लाल तार, 33.87 मीटर सेफ्टी फ्यूज तार, दो डेटोनेटर और 208 सीएम सफ़ेद बिजली का तार भी बरामद किया गया।

पुलिस इस संबंध में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच जारी रखे हुए है। हालांकि, इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। यह भी पता नहीं चल सका है कि बरामद हथियार एवं विस्फोट किस उग्रवादी गुट के हैं।-

You might also like!