फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित एक भव्य सामुदायिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने भारत-फ्रांस संबंधों को मजबूत बनाने में प्रवासी भारतीयों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि विदेशों में बसे भारतीय दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती दे रहे हैं।
भारत-फ्रांस साझेदारी में प्रवासी भारतीयों की अहम भूमिका
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि फ्रांस में रहने वाले भारतीयों ने 21वीं सदी के भारत-फ्रांस संबंधों को नई ऊंचाई देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह समुदाय दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी की एक बड़ी ताकत बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफल रहा है।
निर्यात, मोबाइल निर्माण और अर्थव्यवस्था में तेज वृद्धि
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत का निर्यात 35 गुना बढ़ा है। देश में मोबाइल निर्माण इकाइयों की संख्या में 100 गुना वृद्धि हुई है, जिससे भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश बन गया है। उन्होंने कहा कि इसी तेजी से हो रही प्रगति के कारण भारत वैश्विक स्तर पर सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।
जीडीपी, एयरपोर्ट, विश्वविद्यालय और मेट्रो नेटवर्क में विस्तार
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) दोगुना हुआ है। देश में एयरपोर्ट और विश्वविद्यालयों की संख्या भी दोगुनी हुई है। उन्होंने बताया कि हाईवे निर्माण की गति तीन गुना बढ़ी है, जबकि मेट्रो नेटवर्क में चार गुना विस्तार हुआ है। उनके अनुसार, भारत की विकास यात्रा केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक परिवर्तन की भी कहानी है।
डिजिटल इंडिया और स्वास्थ्य सेवाओं में बदलाव
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने न केवल लोगों की पहचान को डिजिटल बनाया है, बल्कि लगभग 90 करोड़ नागरिकों के लिए यूनिक डिजिटल हेल्थ आईडी भी तैयार की है। इससे मेडिकल रिकॉर्ड सुरक्षित और आसानी से उपलब्ध हो गए हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं अधिक प्रभावी और सुविधाजनक बनी हैं। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक ऐसी उपलब्धियां अकल्पनीय लगती थीं, लेकिन आज हाई-स्पीड इंटरनेट देश के दूर-दराज के गांवों तक पहुंच चुका है।
आकांक्षी भारत बना रहा भविष्य का इकोसिस्टम
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह भारत की आकांक्षाओं का नया युग है। जहां बिजली पहुंच चुकी है, वहां लोग अब स्मार्ट जीवनशैली चाहते हैं। जहां रेल पहुंची है, वहां हाई-स्पीड कनेक्टिविटी की मांग है। जहां हाईवे बने हैं, वहां विश्वस्तरीय एक्सप्रेसवे की अपेक्षा है और जहां इंटरनेट पहुंचा है, वहां लोग कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल इनोवेशन में नेतृत्व चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत के नागरिक अपने जीवन और देश, दोनों को अगले स्तर तक ले जाने के लिए संकल्पित हैं।
भारत बन रहा दुनिया का भरोसेमंद साझेदार
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का भारत भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार कर रहा है। देश ऐसे क्षेत्रों में निवेश कर रहा है जो आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास, नवाचार और नए अवसर पैदा करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले देशों के रिश्ते केवल व्यापार पर आधारित होते थे, लेकिन अब भरोसा भी उतना ही महत्वपूर्ण हो गया है। हर देश विश्वसनीय सप्लाई चेन और स्थिर साझेदारी चाहता है। ऐसे समय में भारत वैश्विक स्तर पर एक भरोसेमंद और दीर्घकालिक साझेदार के रूप में उभर रहा है।












.jpg)




