जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची का आज गुरुवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया गया। जापानी प्रधानमंत्री को औपचारिक ‘गार्ड ऑफ़ ऑनर’ भी दिया गया। स्वागत समारोह के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापानी प्रधानमंत्री से अपने कैबिनेट सहयोगियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का परिचय कराया।
गुरुवार को तकाइची के नई दिल्ली पहुंचने पर जापान ने भारत आने को लेकर अपना उत्साह ज़ाहिर किया। सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट में, जापानी कैबिनेट के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर ने कहा, “आपके गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए हमारा तहे दिल से शुक्रिया। हम भारत आने के लिए बहुत उत्साहित हैं!”
पीएम मोदी अपनी जापानी समकक्ष सनाए ताकाइची के साथ 16वीं भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन-स्तर की बातचीत करेंगे। इस बैठक के दौरान दोनों पक्ष आपसी सहयोग के पूरे दायरे की समीक्षा करेंगे और उसे मजबूत करेंगे। इसके साथ ही दोनों नेता आपसी फायदे के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
इससे पहले बुधवार को, विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने ताकाइची के आगमन पर उनका स्वागत किया। सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, “भारत सरकार की ओर से, जापान की प्रधानमंत्री महामहिम सनाए ताकाइची का नई दिल्ली के पालम टेक्निकल एयरपोर्ट पर आगमन पर स्वागत करना मेरे लिए सम्मान की बात है। वह भारत की 3-दिवसीय यात्रा पर आई हैं, जिसमें ’15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन’ में भाग लेना भी शामिल है। दोनों देशों के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को देखते हुए यह यात्रा विशेष महत्व रखती है।”
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने सनाए ताकाइची का भारत में स्वागत करते हुए कहा कि वे उनकी पहली यात्रा पर उनका स्वागत करके “अत्यंत प्रसन्न” हैं और भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से होने वाली चर्चाओं के लिए तत्पर हैं।















