गृह मंत्रालय ने 23 व्यक्तियों को ‘आतंकवादी’ घोषित किया, 17 पाकिस्तानी और 6 भारतीय नागरिक


देश 05 July 2026
post

गृह मंत्रालय ने 23 व्यक्तियों को ‘आतंकवादी’ घोषित किया, 17 पाकिस्तानी और 6 भारतीय नागरिक

आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की ज़ीरो टॉलरेंस पॉलिसी (Zero Tolerance Policy) के अंतर्गत एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गृह मंत्रालय ने 23 और व्यक्तियों को ‘आतंकवादी’ घोषित किया है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गृह मंत्रालय के इस निर्णय पर कहा कि मोदी सरकार भारत के लोगों की सुरक्षा के लिए हर आतंकी मॉड्यूल को खत्म करने के लिए कटिबद्ध है।

अमित शाह ने शनिवार को सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के आतंकवाद के खिलाफ ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ विजन को आगे बढ़ाते हुए गृह मंत्रालय ने आज प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 23 खूंखार आतंकवादियों को ‘गैर-कानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम’ (UAPA) के तहत आतंकवादी घोषित किया। ये घोषित आतंकवादी भारत-विरोधी गतिविधियों, आतंकी हमले करने, आतंकवाद को बढ़ावा देने, हथियारों की तस्करी, सीमा पार से घुसपैठ, आतंकवादी संगठनों की मदद करने, फंड जुटाने और आतंकवादियों की भर्ती करने जैसे कामों में शामिल हैं। आज घोषित किए गए 23 आतंकवादियों में से 17 पाकिस्तानी नागरिक हैं और 6 भारतीय नागरिक हैं। हालांकि, ये सभी अभी पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर से आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। मोदी सरकार भारत और के लोगों की सुरक्षा के लिए हर आतंकी मॉड्यूल को खत्म करने के लिए कटिबद्ध है।”

गृह मंत्रालय ने कहा कि इन आतंकियों को औपचारिक रूप से आतंकवादी घोषित किया जाना न केवल इनके वित्तीय तंत्र, विचरण, भर्ती क्षमता और आतंक समर्थित गतिविधियों की रोकथाम कर आतंकी इकोसिस्टम को ख़त्म करने में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि राष्ट्र-विरोधी एवं आतंकी गतिविधियों के विरुद्ध एक सशक्त निरोधक होने का भी सन्देश देगा। इसके अतिरिक्त, यह सुरक्षा एवं विधि प्रवर्तन संस्थाओं की राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय, दोनों स्तर पर समन्वित वैधानिक, अन्वेषणात्मक और निवारक कार्रवाई आरम्भ करने की क्षमता को बढ़ावा देगा।

You might also like!