राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी अनुभवी राजनेता, प्रभारी बनने से छत्तीसगढ़ को होगा बड़ा लाभ : उप मुख्यमंत्री अरुण साव


छत्तीसगढ़ 24 September 2026
post

राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी अनुभवी राजनेता, प्रभारी बनने से छत्तीसगढ़ को होगा बड़ा लाभ : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर 24 सितंबर  छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार काे कहा कि, स्मृति ईरानी एक बहुत अनुभवी, तेजतर्रार, सक्रिय और मेहनती राजनेता हैं। उन्हें संगठन का भी लंबा अनुभव है। वे महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुकी हैं। केंद्र सरकार में भी उन्होंने शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग जैसे बड़े विभागों की जिम्मेदारी संभाली है।

साव ने नवा रायपुर अटल नगर कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी का लंबा राजनीतिक अनुभव रहा है। वे बहुत संघर्षशील और मेहनती नेता हैं। ऐसे अनुभवी, मेहनती और संघर्षशील नेता के प्रभारी के रूप में छत्तीसगढ़ आने से प्रदेश को बहुत लाभ होगा। इससे न केवल संगठन को मजबूती मिलेगी, बल्कि सरकार चलाने में भी उनका सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि, स्मृति ईरानी के सहयोगी के रूप में सिद्धार्थ शंभू जी सह-प्रभारी बनाए गए हैं। दोनों मिलकर निश्चित रूप से हमारे लिए मददगार साबित होंगे। इससे पार्टी का विस्तार होगा। संगठन को और मजबूती मिलेगी। हम और मजबूती के साथ जनता के लिए काम कर सकेंगे।

साव ने कांग्रेस को जवाब देते हुए कहा कि, स्मृति ईरानी जी ने उनके सबसे बड़े नेता राहुल गांधी को अमेठी में जाकर पटकनी दी है, इसलिए छत्तीसगढ़ के कांग्रेसियों में खौफ है, इस वजह से अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। जिसका उन्हें कोई लाभ नहीं होगा।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि, एसआईआर को लेकर किसी भी प्रकार से भ्रम में रहने की जरूरत नहीं है। यह प्रक्रिया के अधीन किया गया है। देश में पहली बार सर्वे नहीं हुआ है। कांग्रेस के सरकारों के समय में भी किया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस पर विचार कर निर्णय कर दिया है। कांग्रेस बिना मतलब के बखेड़ा खड़ा कर रही है।

You might also like!