बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर 2' का जलवा बरकरार


मनोरंजन 04 April 2026
post

बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर 2' का जलवा बरकरार

रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर अपनी आंधी बरकरार रखे हुए है। रिलीज के 16वें दिन भी फिल्म ने शानदार कमाई करते हुए 1000 करोड़ रुपये के जादुई आंकड़े के बेहद करीब पहुंचने का संकेत दे दिया है। फिल्म की लगातार सफलता ने इसे भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े रिकॉर्ड्स की ओर तेजी से बढ़ा दिया है।

सैकनिल्क के अनुसार फिल्म ने 16वें दिन यानी तीसरे शुक्रवार को 21.55 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन 959.37 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अब यह ऐतिहासिक 1000 करोड़ क्लब से महज 41 करोड़ रुपये दूर है। ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि तीसरे वीकेंड में फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिलेगा, जिससे यह आंकड़ा आसानी से पार हो सकता है।

फिल्म ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। तीसरे शुक्रवार को 21.55 करोड़ की कमाई के साथ यह बाहुबली 2: द कन्क्लूजन और पुष्पा 2: द रूल को पीछे छोड़ते हुए इस दिन की दूसरी सबसे बड़ी कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। हालांकि यह अपने प्रीक्वल 'धुरंधर' के रिकॉर्ड से थोड़ा पीछे रही, लेकिन दर्शकों के बीच इसका क्रेज लगातार बना हुआ है।

आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म साल 2025 की ब्लॉकबस्टर 'धुरंधर' का सीक्वल है। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। 'धुरंधर 2' की यह सफलता न केवल निर्माताओं के लिए, बल्कि पूरे हिंदी सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।

You might also like!