भारतीय नौसेना आज से नई दिल्ली में कमांडरों के सम्मेलन 2026 के दूसरे संस्करण की मेजबानी करेगी। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि तीन दिवसीय सम्मेलन वरिष्ठ नौसेना नेतृत्व, जिसमें बाहरी क्षेत्रों में तैनात ऑपरेशनल और एरिया कमांडर शामिल हैं, के लिए एक मंच प्रदान करेगा। इसमें सैन्य-रणनीतिक स्तर पर ऑपरेशनल तैयारियों की व्यापक समीक्षा की जाएगी और एक संस्थागत तंत्र के माध्यम से वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा।
मंत्रालय ने कहा कि यह सम्मेलन पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्षों के बीच ऊर्जा सुरक्षा सहित भारत के समुद्री हितों की रक्षा में भारतीय नौसेना के योगदान को रेखांकित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सम्मेलन के उद्घाटन दिवस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राष्ट्रीय समुद्री परिप्रेक्ष्य और भारतीय नौसेना से अपेक्षाओं पर अपना दृष्टिकोण और मार्गदर्शन साझा करेंगे। रक्षा प्रमुख और सेना प्रमुख भी नौसेना कमांडरों के साथ तीनों सेनाओं के बीच तालमेल और एकीकरण को बढ़ावा देने के लिए चर्चा करेंगे।

















