‘पद्म विभूषण’ रतन टाटा की पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता समेत कई नेताओं ने उन्हें नमन किया है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन परिश्रम, विनम्रता और सेवा की अनुकरणीय विरासत है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पोस्ट किया, “भारत के महान उद्योगपति, ‘पद्म विभूषण’ रतन टाटा की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। उद्योग, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व को साथ लेकर चलने वाला उनका जीवन परिश्रम, विनम्रता और सेवा की अनुकरणीय विरासत है।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रतन टाटा को नमन करते हुए ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “अपने दूरदर्शी नेतृत्व, नवाचार और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण से उन्होंने भारतीय उद्योग जगत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और विश्व पटल पर भारत का गौरव बढ़ाया। राष्ट्र निर्माण, रोजगार सृजन और समाज कल्याण में उनका अतुलनीय योगदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा।” बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने लिखा, “भारत के महान उद्योगपति और दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता, ‘पद्म विभूषण’ रतन टाटा की पुण्यतिथि पर शत-शत नमन। राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति उनका समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।”
दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “दूरदर्शी उद्योगपति, राष्ट्र निर्माण के समर्पित प्रहरी व संवेदनशील समाजसेवी, ‘पद्म विभूषण’ रतन टाटा की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। भारत के उद्योग जगत को वैश्विक पहचान दिलाने से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में जनहित को प्राथमिकता देने तक, रतन टाटा का जीवन सेवा, सादगी और संकल्प की प्रेरणादायी मिसाल रहा। उन्होंने यह सिद्ध किया कि सफलता का वास्तविक अर्थ केवल ऊंचाइयां छूना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।”
उत्तराखंड सरकार में मंत्री गणेश जोशी ने रतन टाटा को श्रद्धांजलि देते हुए ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और परोपकार के प्रति उनका समर्पण व सादगी और मानवीय मूल्यों से परिपूर्ण जीवन सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उनके आदर्श और अमूल्य योगदान आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

















